कोटद्वार/कण्वघाटी। बरसात के कारण करीब तीन महीने तक ठप पड़े तेलीसोत गदेरे के पुल पर एक बार फिर से निर्माण कार्य शुरू हो गया है। अभी लोनिवि और उसकी कार्यदायी एजेंसी ने गदेरे में सुरक्षा दीवार का निर्माण शुरू किया है। इसके बाद बॉक्स कलवर्ट की दीवार और स्लैब का निर्माण शुरू किया जाएगा। तीन महीने से निर्माण कार्य ठप होने और लोगों की परेशानी से जुड़ी खबर को अमर उजाला ने बीते 23 सितंबर के अंक में ''''''''तीन माह से ठप है पुल का निर्माण'''''''' शीर्षक से प्रमुखता से प्रकाशित किया। देर से ही सही लोनिवि ने काम शुरू करवा दिया है।
कोटद्वार-चिलरखाल मार्ग पर किशनपुर और सिगड्डी सिडकुल के बीच तेलीसोत गदेरे में 236.31 लाख की लागत से 30 मीटर स्पान डबल लेन बाॅक्स कलवर्ट आरसीसी पुल का बीती 30 मार्च को शिलान्यास हुआ था। मई माह में शुरू हुआ पुल का निर्माण जून पहले पखवाड़े तक तेजी से चला। इस बीच बरसात से पहले पुल की फाउंडेशन भी तैयार कर ली गई। बॉक्स कलवर्ट की दीवार भी आधी से अधिक बना दी गई, लेकिन बाद में बरसात के कारण काम बंद कर दिया गया। सबसे बड़ी दिक्कत लोगों को यह झेलनी पड़ी कि विभाग की ओर से यहां पर कोई वैकल्पिक मार्ग भी नहीं बनाया गया। जैसे-तैसे बरसात के तीन महीने गुजरने पर भी जब पुल का निर्माण शुरू नहीं हुआ तो लोगों में रोष पनपने लगा। अब एक बार फिर से पुल का निर्माण शुरू कर दिया गया है। अधिकारियों की मानें तो दो माह के भीतर पुल का निर्माण पूरा कर लिया जाएगा। पुल निर्माण से सिगड्डी सिडकुल औद्योगिक क्षेत्र समेत रामदयालपुर, श्रीरामपुर, लोकमणिपुर की आबादी को लाभ मिलेगा।
तेलीसोत गदेरे में निर्माणाधीन पुल का कार्य बरसात के कारण बंद पड़ा था। पुल का निर्माण शुरू करा दिया गया है। नवंबर अंतिम सप्ताह तक पुल की दीवार व स्लैब (लिंटर) का काम पूरा कर लिया जाएगा। नदी में लोगों की आवाजाही के लिए वैकल्पिक मार्ग भी बना दिया गया है।
-निर्भय सिंह, अधिशासी अभियंता लोनिवि दुगड्डा