नजला-जुकाम, खांसी और बुखार के मरीज बढ़े
कोटद्वार। तीन दिन बाद बुधवार को बेस अस्पताल खुला तो मरीजों की भीड़ उमड़ पड़ी। सुबह से ही पंजीकरण और बिलिंग काउंटर पर लंबी कतारें लग गईं। वहीं, विशेषज्ञ चिकित्सकों की ओपीडी के बाहर भी मरीजों को अपनी बारी का इंतजार करना पड़ा।
ओपीडी शुरू होने से पहले विशेषज्ञ चिकित्सक वार्डों में भर्ती मरीजों को देखने पहुंचे। इसके चलते ओपीडी का संचालन कुछ देर से शुरू हुआ। इस दौरान बाहर इंतजार कर रहे मरीजों की संख्या बढ़ती रही। जनरल फिजिशियन डॉ. शिवम नेगी और डॉ. जयशंकर की ओपीडी में नजला-जुकाम, खांसी, बुखार और बदन दर्द की शिकायत लेकर कई मरीज पहुंचे। चिकित्सकों ने बदलते मौसम के अनुरूप खानपान और रहन-सहन में जरूरी बदलाव करने की सलाह दी।