बल्ली-मथाणा मार्ग के चौड़ीकरण और डामरीकरण का कार्य पीएमजीएसवाई के तहत शुरू हो गया है।करीब नौ किमी लंबे इस मार्ग का निर्माण 2021 में पूरा हो जाएगा। मार्ग निर्माण से छह गांवों के लोगों को आवाजाही में सुविधा मिलेगी।
घाड़ क्षेत्र के मथाणा, पोखरीधार, चौंडली, मैती काटल, ग्वीराला, सिमलना तल्ला गांवों के ग्रामीणों की मांग पर शासन ने वर्ष 2007 में बल्ली से सिमलना तल्ला तक 11 किमी मार्ग निर्माण को स्वीकृति दी थी। वर्ष 2011 में मार्ग की कटिंग की गई, लेकिन मार्ग का डामरीकरण नहीं होने से बल्ली से मथाणा तक 9 किमी कच्चे मार्ग से आवाजाही में ग्रामीणों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। ग्रामीण लगातार मार्ग के चौड़ीकरण और डामरीकरण की मांग उठा रहे थे। शासन ने मार्ग के चौड़ीकरण और डामरीकरण के लिए पीएमजीएसवाई सिंचाई खंड कोटद्वार को करीब 5.79 करोड़ की धनराशि स्वीकृत की है। इसके तहत मार्ग का चौड़ीकरण, पक्के कलवट, सुरक्षा दीवार निर्माण व हॉटमिक्स से डामरीकरण किया जाएगा। पीएमजीएसवाई सिंचाई खंड के एई योगेंद्र सिंह ने कहा कि मार्ग निर्माण कार्य प्रगति पर है। निर्माण कार्य के दौरान गुणवत्ता और मानकों पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।