कोटद्वार। साइबर अपराधों की रोकथाम और आमजन को ठगी से बचाने के लिए कोटद्वार कोतवाली पुलिस ने सनेह क्षेत्र के अंतर्गत ग्रास्टनगंज में जागरूकता अभियान चलाया। कोतवाली पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने कैनोपी लगाकर लोगों को साइबर ठगी के विभिन्न तरीकों और उनसे बचाव के उपायों की जानकारी दी। इस दौरान जागरूकता पंपलेट भी वितरित किए गए।
अपर पुलिस अधीक्षक कोटद्वार और क्षेत्राधिकारी कोटद्वार के निर्देशन में आयोजित अभियान के दौरान पुलिस टीम ने लोगों को फर्जी कॉल, अनजान लिंक, ओएलएक्स फ्रॉड, लॉटरी और इनाम का लालच देकर की जाने वाली ठगी के प्रति सचेत किया। साथ ही फर्जी एप डाउनलोड करवाकर होने वाली साइबर धोखाधड़ी के बारे में भी जानकारी दी।
पुलिस ने लोगों से अपील की कि वे अनजान लिंक पर क्लिक करने और संदिग्ध एप डाउनलोड करने से बचें। किसी भी प्रकार की साइबर ठगी होने पर तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करें या आधिकारिक वेबसाइट पर शिकायत दर्ज कराएं। संवाद