कोटद्वार। मानदेय में बढ़ोतरी समेत पांच सूत्री मांगों के लिए उत्तराखंड आशा स्वास्थ्य कार्यकर्ता यूनियन से जुड़ी चार ब्लॉकों की आशा कार्यकर्ताओं का धरना-प्रदर्शन रविवार को 11वें दिन भी जारी रहा। आंदोलन के कारण आशा कार्यकर्ता पल्स पोलियो अभियान से भी विरत रहीं।
दुगड्डा, जयहरीखाल, द्वारीखाल और एकेश्वर ब्लॉक की आशा कार्यकर्ताओं ने तहसील परिसर में प्रदर्शन कर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। दुगड्डा ब्लॉक अध्यक्ष प्रभा चौधरी के नेतृत्व में आशा कार्यकर्ता तहसील परिसर में एकत्र हुईं। प्रदर्शनकारियों ने न्यूनतम 42 हजार रुपये मासिक वेतन निर्धारित करने, पीएफ और ईएसआई का लाभ देने, सेवानिवृत्ति पर पेंशन और पांच लाख रुपये की एकमुश्त सहायता देने आदि की मांग उठाई। आंदोलन के कारण आशा कार्यकर्ता पल्स पोलियो अभियान से भी विरत रहीं। प्रदर्शन में मीरा नेगी, रंजना कोटनाला, नीलम कुकरेती, रीता, कल्पना काला, प्रीति देवी, कांति, लक्ष्मी जदली, कल्पना बिष्ट, जमुना ज्योति, संगीता रावत, दीपा रावत और कांता देवी शामिल रहीं। संवाद