कोटद्वार। नगर निगम क्षेत्र के वार्ड नंबर-13 आमपड़ाव खुमरा बस्ती में सरकारी भूमि पर अतिक्रमण का मामला सामने आया है। क्षेत्रवासियों ने नगर निगम से सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने की मांग उठाई। उन्होंने नगर आयुक्त पीएल शाह को इस संबंध में ज्ञापन सौंपा और जल्द कार्रवाई की मांग की।
क्षेत्रवासियों ने आरोप लगाया कि पुराने सरकारी शौचालय के समीप एक व्यक्ति ने सरकारी भूमि पर कब्जा कर टिनशेड और बरामदा बना लिया है। अतिक्रमण के कारण करीब 22 फीट चौड़ी सड़क सिमटकर मात्र चार फिट रह गई है। इससे स्थानीय लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। क्षेत्रवासियों ने नगर निगम से सरकारी भूमि से तत्काल अतिक्रमण हटवाने की मांग की। नगर आयुक्त पीएल शाह ने मामले का संज्ञान लेते हुए जांच कर नियमानुसार कार्रवाई और सरकारी भूमि से अतिक्रमण हटाने का आश्वासन दिया। ज्ञापन सौंपने वालों में आमिर, मन्नान, आकाश, तोहिद, नसीम, नजाम, आजाद और शादात आदि शामिल रहे। संवाद