अपने अनुसार बारिश कराने के लिए एप के संबंध में दिए गए बयान के विरोध में आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने उच्च शिक्षा मंत्री का पुतला फूंका। उन्होंने उच्च शिक्षा मंत्री से अपने बयान के लिए प्रदेश की जनता से माफी मांगने की मांग की।
रविवार को आप के प्रदेश प्रवक्ता अरविंद वर्मा के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ता हिंदू पंचायती धर्मशाला में एकत्र हुए। इसके बाद उन्होंने धर्मशाला से झंडाचौक तक नारेबाजी करते हुए उच्च शिक्षा मंत्री के पुतले के साथ जुलूस निकाला और पुतला आग के हवाले कर दिया। वक्ताओं ने कहा कि देश के लोग उत्तराखंड के मंत्रियों के बेतुके बयानों की खिल्ली उड़ा रहे हैं, जिससे प्रदेश की छवि खराब हो रही है। उन्होंने उच्च शिक्षा मंत्री धन सिंह रावत से प्रदेश की जनता से माफी मांगते हुए अपना बयान वापस लेने की मांग की। इस दौरान आप के सेक्टर प्रभारी राजेंद्र जजेड़ी, वीरेंद्र रावत, हरस्वरूप वेदवाल, जयपाल राणा, हर्षिता, आकाश ढौंढियाल, संजीव चमोला, वरुण, अहसान अहमद, नईम अहमद, बिल्लू, वसीम, फहीम, अकिल और महिताब सिंह रावत आदि मौजूद थे।