फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

टप्पेबाजी से जुड़ा एक शातिर गिरफ्तार, दूसरा फरार

Thu, 18 May 2017 10:39 PM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, कोटद्वार
विज्ञापन
विज्ञापन
कोतवाली पुलिस ने शहर में धर्म-कर्म का झांसा और प्रसाद खिलाकर महिलाओं से ठगी करने वाले एक शातिर को दबोचा है। इस दौरान उसका साथी भागने में कामयाब रहा। पकड़े गए बदमाश से पुलिस ने एक चोरी की वेगनआर कार और सोने के आभूषण बरामद किए हैं। बृहस्पतिवार को पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश किया, जहां उसे न्यायालय ने पौड़ी जेल भेजने के आदेश दिए हैं।                   
विज्ञापन


कोतवाली में सम्मोहन और टप्पेबाजी का खुलासा करते हुए अपर पुलिस अधीक्षक सरिता डोबाल ने कहा कि बुधवार शाम करीब छह बजे पुलिस को सूचना मिली कि टप्पेबाज गिरोह से जुड़े दो बदमाश चोरी की वेगनआर में बीईएल रोड की ओर घूम रहे हैं।

पुलिस टीम ने बीईएल रोड पर तलाशी शुरू कर दी। इस दौरान मैदान में बिना नंबर की वेगनआर कार खड़ी दिखाई दी। जैसे ही पुलिस कार के समीप पहुंची, उसके अंदर से दो बदमाश निकले और जंगल की ओर भागने लगे। कुछ दूरी तक पीछा करने के बाद पुलिस ने एक को दबोच लिया। उसकी पहचान आसिफाबाद थाना परीक्षित गढ़ जिला मेरठ निवासी फिरोज पुत्र खैरूद्वीन के रूप में की गई।
विज्ञापन


पूछताछ में उसने बताया कि उसका साथी परीक्षित गढ़ जिला मेरठ निवासी भूरा पुत्र पप्पू जंगल के रास्ते फरार हो गया। पकड़े गए बदमाश के पास से सोने का एक कड़ा और एक जोड़ी कुंडल बरामद किए गए। कार के कागज मांगने पर आरोपी ने बताया कि उसने यह कार डेढ़ साल पहले दिल्ली से चोरी की थी।

सीओ जेआर जोशी ने बताया कि आरोपी और उसके साथी ने गत 10 मार्च को नजीबाबाद रोड पेट्रोल पंप के समीप से अनुसुया रावत और सात अप्रैल को गंगा दत्त जोशी मार्ग से वृद्धा निर्मला चतुर्वेदी से लूट की थी। आरोपी के खिलाफ दिल्ली, मुजफ्फरनगर और मेरठ थाने में टप्पेबाजी सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा चल रहा है। बदमाश को दबोचने वाली पुलिस टीम में कोतवाल उत्तम सिंह जिमिवाल, एसएसआई मो. यूनुस, एसआई हरपाल सिंह, विनोद कुमार, प्रदीप नेगी, आबिद अली, सतपाल, प्रमोद गोस्वामी मौजूद थे।


पुलिस ने दबोचा देहरादून का वांछित टप्पेबाज

 कोतवाली पुलिस ने देहरादून के टप्पेबाज गिरोह से जुड़े एक वांछित बदमाश को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए बदमाश के खिलाफ देहरादून पटेलनगर थाने में टप्पेबाजी सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज है। बदमाश ने पूछताछ में बताया कि गत वर्ष अक्तूबर में उसने अपने साथियों के साथ कोटद्वार स्थित आर्मी कैंटीन के समीप एक महिला से चेन और कुंडल लूटे थे।       
कोतवाल उत्तम सिंह जिमिवाल ने बताया कि बृहस्पतिवार सुबह करीब पांच बजे पुलिस को सूचना मिली कि दिसंबर से देहरादून पटेलनगर में टप्पेबाजी के एक मामले में वांछित चल रहा आरोपी गदरपुर ऊधमसिंह नगर निवासी अनिल पुत्र राजू संदिग्ध अवस्था में बस अड्डे में घूम रहा है। जैसे ही पुलिस मौके पर पहुंची, वह भागने की कोशिश करने लगा। कुछ दूरी पर पीछा करने के बाद पुलिस ने उसे दबोच लिया।

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने 30 दिसंबर को अपने साथी वसीम और आमिर के साथ कोटद्वार आर्मी कैंटीन के समीप पुष्पा बिष्ट से सोने की चेन और कुंडल ठगे थे। इसमें पुलिस ने कुछ दिन बाद ही उसके साथियों को गिरफ्तार कर लिया था। वांछित आरोपी के खिलाफ कार्रवाई के लिए देहरादून पटेलनगर थाना पुलिस से संपर्क किया जा रहा है। बदमाश को पकड़ने वाली टीम में उपनिरीक्षक सतेंद्र भाटी, आशीष चौधरी आदि मौजूद थे।      
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें