कोटद्वार। रिखणीखाल ब्लॉक सभागार में आयोजित तहसील दिवस में कुल 66 शिकायतें दर्ज हुईं। जिसमें से 30 शिकायतों का मौके पर निस्तारण किया गया। बैठक में डीएम पौड़ी डॉ. आशीष कुमार चौहान ने अधिकारियों को एक पखवाड़े के भीतर शिकायतों का निस्तारण कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।
मंगलवार को लैंसडौन के विधायक महंत दिलीप रावत और जिलाधिकारी डॉ. आशीष कुमार चौहान की मौजूदगी में तहसील दिवस का आयोजन हुआ। इस मौके पर क्षेत्रीय विधायक दिलीप रावत ने कहा कि आगामी बैठकों में जिला स्तरीय अधिकारी स्वयं प्रतिभाग करें। विधायक ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को तत्काल समस्याओं का निस्तारण करने के निर्देश दिए हैं।
इस मौके पर ग्रामीणों ने क्षेत्र के कई गांवों में कम समय में ही स्ट्रीट लाइटें खराब होने, पेयजल समस्या, गुलदार प्रभावित गांवों में झाड़ी कटान, सीएचसी सेंटर के माध्यम से जारी होने वाले ऑनलाइन प्रमाणपत्र में देरी, गैस सप्लाई व राशन कार्ड संबंधी शिकायतें, जीआईसी सिद्धखाल में प्रधानाचार्य व भौतिक विज्ञान प्रवक्ता की तैनाती करने, राजकीय पॉलिटेक्निक बड़खेत में पठन-पाठन का कार्य शुरू करने, पीएमजीएसवाई की तिमलसैंण-सिरस्वाड़ी सड़क, ग्राम धूरा, हरियाड़ी मोटर मार्ग की शिकायत, कर्तिया गांव में भूमि कटाव से मकानों को खतरे को देखते हुए चेकडैम बनाने, गांव में गूल निर्माण व घेरबाड़, परंड़ी पेयजल पंपिंग योजना पर छह माह से अनियमित पेयजल आपूर्ति होने की शिकायत रखी।
जिलाधिकारी डाॅ. आशीष चौहान ने संबंधित विभागीय अधिकारी को दर्ज शिकायतों का एक पखवाड़े के भीतर निस्तारण कर आख्या प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। पेयजल के बिलों में वृद्धि की शिकायत पर जिलाधिकारी ने जल संस्थान के अधिकारी को 48 घंटे के भीतर स्थिति स्पष्ट करने के निर्देश दिए हैं। क्षेत्र में नेटवर्क की समस्या पर उन्होंने संबंधित विभाग को क्षेत्र में टॉवर लगाने के निर्देश दिए हैं। लोनिवि की जुकड़ियां-बसड़ा-सौलीखाल-तिमलसैंण मार्ग के डामरीकरण कार्य की गुणवत्ता की शिकायत पर उन्होंने एसडीएम को जांच करने के निर्देश दिए हैं।
इस मौके पर ब्लॉक प्रमुख मनोहर देवरानी, जिला पंचायत सदस्य शालिनी बलोदी, लैंसडौन की एसडीएम शालिनी मौर्य, लोनिवि दुगड्डा के ईई डीपी सिंह, जिला पर्यटन अधिकारी खुशाल सिंह नेगी, तहसीलदार साक्षी उपाध्याय, बीडीओ रिखणीखाल नरेश चंद्र सुयाल आदि मौजूद रहे।
.
कोटद्वार तहसील में दर्ज हुई 17 शिकायतें, एक का भी नहीं हुआ निस्तारण
कोटद्वार। तहसील सभागार में आयोजित तहसील दिवस में कुल 17 शिकायतें दर्ज हुईं। जिसमें मौके पर एक भी शिकायत का निस्तारण नहीं हुआ। सभी शिकायतें संबंधित विभागों को त्वरित निस्तारण के निर्देश के साथ भेजी गई हैं। मंगलवार को मुख्य प्रशासनिक अधिकारी की अध्यक्षता में तहसील दिवस का आयोजन हुआ। मानपुर निवासी युद्धवीर सिंह रावत ने सरकारी गूल के ऊपर बनाए गए रास्ते पर हुए अतिक्रमण को हटाने की शिकायत दर्ज कराई। पदमपुर निवासी मनोज रावत ने सिमलचौड़ और लालपुर वार्ड में वन विभाग की भूमि में पौधरोपण कराने व सभी सहकारी समितियों के चुनाव कराने, राज्य आंदोलनकारियों को सम्मान परिचय पत्र निर्गत करने संबंधी शिकायतें दर्ज कराईं।