पौड़ी। पुरानी पेंशन बहाली की मांग के लिए राष्ट्रीय पुरानी पेंशन बहाली संयुक्त मोर्चा ने जिला मुख्यालय पौड़ी में मशाल जुलूस निकाला। उन्होंने केंद्र व प्रदेश सरकार पर एनपीएस/यूपीएस के माध्यम से कर्मचारियों को धोखा देने का आरोप लगाया।
बीते बुधवार देर शाम आक्रोशित कर्मचारी व शिक्षक मोर्चा के बैनर तले मुख्यालय पौड़ी के बस स्टेशन के समीप एकत्रित हुए। जहां उन्होंने मशाल जुलूस निकालकर पुरानी पेंशन को बहाल करने की मांग उठाई। प्रदेश अध्यक्ष जयदीप रावत ने बताया कि पिछले लंबे समय से कर्मचारी पुरानी पेंशन बहाली की मांग उठा रहे हैं। लेकिन सरकार लगातार उनकी मांगों को नजरंदाज कर रही है। प्रदेश महासचिव सीताराम पोखरियाल ने कहा कि नई पेंशन स्कीम में सेवानिवृत्ति पर कर्मचारियों को पेंशन के नाम पर लॉलीपॉप थमाया जा रहा है। जिसके चलते उन्हें आर्थिक एवं सामाजिक दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
कहा कि विधायक व सांसद बन जाने पर सरकार उन्हें पुरानी पेंशन का लाभ दे रही है, जबकि कर्मचारियों को एनपीएस दिया जा रहा है। चेतावनी दी कि कर्मचारी आंदोलन सिर्फ सड़कों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि देश के लोकतांत्रिक स्वरूप की ही दिशा बदल देगा। इस मौके पर निर्मला राणा, संदीप भट्ट, अंकित कठेत, रघुराज सिंह, दीपक गोडियाल, प्राची, अंकित बागवानी, संजीव, विकास रावत आदि शामिल रहे।