दुगड्डा (कोटद्वार)। तहसील लैंसडौन के डाडामंडी क्षेत्र के एक गांव में दो महिलाओं के साथ हुई बदसलूकी, लूटपाट और मारपीट की घटना के 16 दिन बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हुई है। पीड़ितों ने दबंग आरोपियों के डर के कारण गांव छोड़कर रिश्तेदारों के यहां शरण ली हुई है।
डाडामंडी क्षेत्र के निकटवर्ती एक गांव में 24 अक्तूबर की शाम को तीन युवकों ने घर में घुसकर नेपाली मूल की दो महिलाओं के साथ बदसलूकी की। विरोध करने पर आरोपियों ने उनके साथ मारपीट कर उनके जेवर और नकदी भी लूट ली थी। पीड़ित महिलाओं ने तीन आरोपियों को नामजद करते हुए राजस्व पुलिस (पट्टी पटवारी) में तहरीर दी थी। राजस्व पुलिस ने 27 अक्तूबर को संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। लैंसडौन एसडीएम किशन सिंह नेगी ने बताया कि लंगूर पल्ला-3 के राजस्व उपनिरीक्षक वीरेंद्र सिंह का तबादला अन्यत्र कर दिया गया है। मामले की जांच अब राजस्व उप निरीक्षक राजेंद्र लाल को सौंपी गई है।