कोटद्वार। बॉलीवुड अभिनेत्री उर्वशी रौतेला ने राष्ट्रीय खेलों में क्षेत्र का नाम रोशन करने वाली राष्ट्रीय चैंपियन अंकिता ध्यानी को सम्मानित किया।
अंकिता की शिक्षक ऋद्धि भट्ट ने बताया कि जयहरीखाल ब्लॉक के ग्राम मेरूड़ा निवासी महिमानंद और लक्ष्मी देवी की होनहार पुत्री अंकिता ध्यानी ने तीसरी बार राष्ट्रीय स्तरीय प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीता है। इस अवसर पर बॉलीवुड अभिनेत्री उर्वशी रौतेला ने अंकिता के माता-पिता का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्होंने अंकिता को खेल प्रतियोगिताओं में भाग लेने के लिए गांव से बाहर विभिन्न राज्यों में भेजकर कन्या सशक्तिकरण का प्रशंसनीय उदाहरण पेश किया है। इस अवसर पर उर्वशी के पिता मनवर सिंह रौतेला, माता मीरा रौतेला, कोच भारत भूषण, महेशी आर्य, चंद्रमोहन जदली, शिक्षक दीपक जदली, सतीश जदली, राजेश खुगशाल, अखिलेश नेगी, सविता बलूनी, सुमन डोबरियाल आदि मौजूद थे।