सतपुली। नयारघाटी विकास समिति के बैनर तले जिले के केंद्र स्थल सतपुली चिकित्सालय में चिकित्सकों की तैनाती और सुविधाएं जुटाने के लिए चल रहा क्रमिक अनशन शुक्रवार को छठे दिन भी जारी रहा। समिति के आंदोलन को जायज बताते हुए जनप्रतिनिधियों ने इसे अपना समर्थन दिया है। जनप्रतिनिधियों ने सीएम को ज्ञापन भेजकर अस्पताल में सभी सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की।
शुक्रवार को क्षेत्र पंचायत प्रमुख सुरेंद्र रावत व पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष तीरथ सिंह राही ने धरनास्थल पर पहुंचकर आंदोलन को समर्थन दिया। उन्होंने सरकार से अविलंब क्षेेत्र हित में सतपुली चिकित्सालय में चिकित्सकों की तैनाती करने के साथ ही अन्य सुविधाएं जुटाने और उपकरण मुहैया कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि वर्तमान में मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत खुद ही स्वास्थ्य मंत्रालय भी देख रहे हैं। ऐसे में खुद सीएम के गृह क्षेत्र के अस्पताल में सुविधाओं की कमी दुर्भाग्यपूर्ण है। क्रमिक अनशन में बैठने वालों में प्रताप सिंह नेगी, मनोहर लाल पहाड़ी, हरि सिंह, थामेश्वर कुकरेती, सहदेव बिष्ट व विकास रावत शामिल रहे।
-फोटो