कोटद्वार। राज्य गठन के 18 साल बाद भी दुगड्डा क्षेत्र के रामणी-बल्ली-मथाणा मार्ग के अच्छे दिन नहीं आ पाए हैं। क्षेत्र की सड़क पगडंडी में तब्दील हो गई, जिसके कारण क्षेत्रवासियों को आवाजाही में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कोटद्वार-रामणी मार्ग के 16वें किमी से आगे पांच किमी सड़क के सुदृढ़ीकरण के लिए पांच साल पहले पड़े टेंडर पर आज तक काम शुरू नहीं हो सका है। क्षेत्रवासियों ने सरकार और क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों पर क्षेत्र की घोर उपेक्षा का आरोप लगाया है।
दुगड्डा विकासखंड के ग्राम धूराताल निवासी पूर्व बीडीसी सदस्य बलवीर सिंह नेगी, पूर्व कनिष्ठ उपप्रमुख मेहरबान सिंह नेगी, धूराताल की प्रधान उषा देवी, स्यालिंगा के प्रधान जितेंद्र सिंह और कांडई के प्रधान हरेंद्र सिंह नेगी, ग्रामीण नरेंद्र सिंह नेगी का कहना है, कि अविभाजित उत्तर प्रदेश के समय से ही उनका क्षेत्र विकास के मामले में पिछड़ गया है। क्षेत्र में वर्षों पुरानी कोटद्वार-रामणी-बल्ली-मथाणा मोटर मार्ग की हालत 16वें किमी से आगे खस्ताहाल है। क्षेत्रवासियों की मांग पर 16वें किमी से आगे पांच किमी मार्ग के चौड़ीकरण और डामरीकरण के लिए पांच साल पहले टेंडर आमंत्रित किए गए थे, लेकिन आज तक यह कार्य शुरू तक नहीं हो सका। टेंडर निकालने के बाद विभाग ने निर्माण कार्य की सुध तक नहीं ली। विभागीय लापरवाही का खामियाजा क्षेत्रीय जनता को भुगतना पड़ रहा है। अधिशासी अभियंता लोनिवि दुगड्डा निर्भय सिंह का कहना है कि सड़क के डामरीकरण के प्रस्ताव के बारे में जानकारी नहीं है। इसे दिखवाया जाएगा। अधीनस्थों से जानकारी लेकर आगे की कार्रवाई की जाएगी।