कोटद्वार। यहां सेना भर्ती रैली के आठवें दिन मंगलवार को हरिद्वार जिले के रुड़की, हरिद्वार, लक्सर तहसील और देहरादून जिले के विकासनगर तहसील के 3163 युवाओं ने सेना भर्ती के लिए दौड़ लगाई। इनमें मात्र आठ फीसदी युवा ही दौड़ पूरी कर पाए।
भर्ती के लिए 5022 युवाओं ने ऑनलाइन आवेदन किया था। भर्ती कैंप मेें प्रवेश पाने के बाद प्रारंभिक ऊंचाई जांच में सैकड़ों युवा बाहर हो गए। प्रवेश पत्र को बार कोड स्कैन करने के बाद 3163 युवाओं को दौड़ के लिए मैदान में भेजा गया। 15 राउंड में पूरी हुई दौड़ में 2918 युवा निर्धारित समय में 1600 मीटर दौड़ पूरी नहीं कर पाए। मात्र 245 युवा ही दौड़ पार कर अगली भर्ती प्रक्रिया के लिए आगे भेजे गए।
दौड़ पूरी नहीं कर पाए युवाओं को सेना के जवानों ने मैदान से बाहर भेजा तो दौड़ में फेल युवकों ने हंगामा मचाने की कोशिश की लेकिन, सेना के जवानों ने लाठियां फटकार कर उन्हें मैदान के बाहर खदेड़ दिया। अगले दौर के शारीरिक परीक्षण में कई युवा छाती और ऊंचाई कम होने के चलते भर्ती से बाहर कर दिए गए। शारीरिक परीक्षण मेें पास हुए युवाओं का सेना के डाक्टरों द्वारा मेडिकल किया गया।
आज होगी इस क्षेत्र के युवाओं की भर्ती
कोटद्वार के कौड़िया स्थित गबर सिंह कैंप में चल रही सेना भर्ती के तहत 11 अप्रैल बुधवार को देहरादून जिले के चकराता, त्यूनी, कालसी, देहरादून और ऋषिकेश तहसील के युवाओं की भर्ती होगी। भर्ती के लिए काशीरामपुर तल्ला मैदान की ओर से देर रात दो बजे प्रवेश के लिए लाइन लगेगी।