लैंसडौन। राजकीय प्राथमिक विद्यालय खैरासैंण में सर्व शिक्षा अभियान के तहत प्रवेशोत्सव और बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें छात्र-छात्राओं ने रंगारंग कार्यक्रमों की प्रस्तुतियों से समा बांधा। कार्यक्रम में सावित्री देवी को सबसे अच्छी मां और वीरा देवी को सबसे अच्छी दादी का खिताब दिया गया।
मंगलवार को आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ प्रधानाध्यापक विनीता देवरानी ने किया। उन्होंने कहा कि देश की उन्नति के लिए देश की बेटियों का शिक्षित होना जरूरी है। कार्यक्रम में नन्हीं चिरैया और लोक प्रिय गढ़वाली गीत चैता की चैत्वाल पर छात्राओं ने नृत्य प्रस्तुत किया। साथ ही बच्चों ने फिल्मी गीतों पर नृत्य कर दर्शकों की तालियां बटोरी। इस दौरान छात्र-छात्राओं ने हास्य नाटक नया टीचर का सुंदर प्रस्तुतिकरण कर दर्शकों को खूब हंसाया। कार्यक्रम में दादी वीरा ने बच्चों को जूते वितरित किए और विद्यालय के मेधावी बच्चों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर अनूव बड़थ्वाल, प्रकाश चंद्र कुकरेती, प्रेम सिंह पांडे, भारत सिंह रावत, अर्चना रौतेला, सुषमा पंथवाल, विजया लक्ष्मी, एश्वर्या देवी, हेमलता आदि मौजूद रहे।