कोटद्वार। संयुक्त समाज सेवी संगठन सनेह पट्टी लालपानी स्थित ओवर हैड टैंक के निर्माण में हुई अनियमितता को लेकर जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा गया। उन्होंने टैंक की मरम्मत कर उसे शीघ्र चालू करने और अनियमितता की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की।
सोमवार को सनेह क्षेत्र के लोगों ने तहसील में जिलाधिकारी से मुलाकात की। उन्होंने ज्ञापन सौंपते हुए सिंचाई विभाग के अधिकारियों पर लालपानी के ओवरहैड टैंक को लेकर लापरवाही बरतने का आरोप लगाया। कहा कि वर्ष 2014 से लालपानी में ओवरहैड टैंक निर्माण में अनियमितता बरती गई है। विभाग ने आनन फानन में वर्ष 2016 में इसका लोकार्पण करा दिया। लोकार्पण होते ही पानी के टैंक में लीकेज शुरू हो गई। शिकायत करने के बाद विभाग द्वारा दो बार टैंक की मरम्मत करने के बावजूद लीकेज बंद नहीं हो रही है। तब से अब तक वे तहसील दिवस से लेकर जनता दरबारों में पानी के लीकेज की शिकायत कर चुके हैं, लेकिन इस पर कार्रवाई नहीं हो रही है। इससे आबादी के ऊपर ओवरहैड टैंक के गिरने का खतरा बना हुआ है।
उन्होंने टैंक निर्माण में हुए भ्रष्टाचार की उच्च स्तरीय जांच कराए जाने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए इसकी शीघ्र मरम्मत करने की मांग की। इस अवसर पर संगठन के महासचिव महानंद ध्यानी, चंद्रश लखेड़ा, दीपक पांडे, महेंद्रपाल बिष्ट, त्रिलोक सिंह रावत व जगमोहन सिंह आदि मौजूद थे।
- फोटो