कोटद्वार। कोतवाली पुलिस ने शनिवार को सिद्धबली मंदिर से चोरी हुई बोलेरो कार के मामले में वाहन स्वामी समेत तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। ये लोग इंश्योरेंस की रकम डकारने के लिए इस धंधे में संलिप्त पाए गए हैं। उनके कब्जे से चोरी गई बोलेरो कार के साथ ही बिना नंबर की एक स्कार्पियो बरामद की गई है। सोमवार को पुलिस क्षेत्राधिकारी जेआर जोशी ने इस मामले का खुलासा किया।
सीओ जेआर जोशी ने बताया कि शनिवार को यूपी के जिला हापुड़ सिंभावली निवासी महेश गोयल पुत्र जगदीश प्रसाद ने कोटद्वार कोतवाली में अपने बोलेरो वाहन के चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इसके बाद कोतवाली पुलिस और सीआईयू टीम ने कोटद्वार में सिद्धबली से लेकर यूपी बार्डर तक के सभी सीसीटीवी फुटेज खंगाले और यूपी में कई स्थानों पर दबिश दी। पुलिस टीम को चोरी की गई बोलेरो यूपी के जिला बिजनौर के नगीना को जाने वाले फ्लाईओवर के नीचे खड़ी मिली। कुछ देर बाद एक बिना नंबर की काले रंग की स्कार्पियो कार इस बोलेरो कार के पास रुकी। उसमें से तीन लोग नीचे उतरे और वाहन की चाबी निकालकर बोलेरो में लगाने लगे। मौके पर छिपकर बैठी पुलिस और सीआईयू टीम ने तीनों को दबोच लिया। इसमें बोलेरो वाहन की चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराने वाला वाहन स्वामी भी शामिल था। पुलिस तीनों को गिरफ्तार कर कोटद्वार ले आई।
सीओ ने बताया कि सिद्धबली मंदिर के पास से चोरी हुआ वाहन एक षड्यंत्र के तहत वाहन स्वामी महेश गोयल ने ही चोरी करवाया था। जांच में यह बात सामने आई कि महेश गोयल अपने साथियों के साथ यूपी और दिल्ली में इस तरह का गोरखधंधा करता आ रहा था। इसमें वे वाहन चोरी का षड्यंत्र रचकर इंश्योरेंस कंपनी से क्लेम ले लेते थे। बताया कि शनिवार को जिस वाहन नंबर की रिपोर्ट कोतवाली में दर्ज कराई गई थी, वह वाहन वे पहले ही बेच चुके थे।
पुलिस द्वारा गिरफ्तार तीन लोगों में चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराने वाला वाहन स्वामी महेश गोयल पुत्र जगदीश प्रसाद, निवासी सिंभावली जिला हापुड़, मान सिंह पुत्र मूलचंद निवासी गढ्ढ नगला थाना कुरी बहादुरगढ़ हापुड़ और शुभम पुत्र हेम सिंह गंटुनाला थाना कुरी बहादुरपुर हापुड़ शामिल हैं। सोमवार को तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जिला कारागार पौड़ी भेज दिया गया। मामले का खुलासा करने वाली पुलिस टीम में एसएसआई राकेंद्र कठैत, एसआई ओमवीर सिंह, एसआई विनोद कुमार, सीआईयू टीम से कांस्टेबल आबिद अली, कुलदीप सिंह, सुनीत कुमार, मुकेश कुमार, राहुल व विनय थपलियाल शामिल थे।
-फोटो