कोटद्वार। कोटद्वार को जिला बनाने की मांग को लेकर बार एसोसिएशन से जुड़े अधिवक्ताओं ने प्रदेश सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। उन्होंने कोटद्वार को शीघ्र जिला बनाने की घोषणा नहीं करने पर जनांदोलन की चेतावनी दी।
बार एसोसिएशन के अध्यक्ष अजय कुमार पंत के नेतृत्व में अधिवक्ता तहसील प्रांगण स्थित बार भवन के समक्ष एकत्र हुए और प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी के साथ प्रदर्शन किया। वक्ताओं ने कहा कि वर्तमान भाजपा सरकार ने विधानसभा चुनाव में कोटद्वार को जिला बनाने का आश्वासन देकर वोट मांगे थे, लेकिन चुनाव जीतते ही कोटद्वार जिला को भूल गई। लोगों को अपने छोटे-छोटे काम के लिए पौड़ी की भौगोलिक परिस्थितियों से जूझना पड़ रहा है। इस मौके पर बार एसोसिएशन अध्यक्ष अजय कुमार पंत, संजय जोशी, पंकज भट्ट, सुनील खत्री, गोविंद राम शर्मा, लक्ष्मीचंद्र सेमवाल, सुरेंद्र सिंह नेगी, बृजमोहन नैथानी, दलवीर सिंह चौहान, धीरेंद्र सिंह रावत, गणेश ध्यानी, सुदामा राम अमोली, ओमप्रकाश द्विवेदी आदि मौजूद थे।