यातायात व्यवस्था दुरुस्त करने के लिए कोटद्वार के ट्रैफिक इंस्पेक्टर मनोज मैनवाल ने सिद्धबली ऑटो एसोसिएशन के साथ यातायात संबंधित बैठक की। बैठक में बताया गया कि कोई भी ऑटो रिक्शा अपने रूट के अलावा दूसरे रूट पर चलता पाया गया तो उसे सीज कर दिया जाएगा।
ट्रैफिक इंस्पेक्टर और ऑटो रिक्शा चालकों की हुई बैठक में निर्णय लिया गया कि सभी ऑटो रिक्शा अपने-अपने निर्धारित रूटों पर ही चलेंगे। कहा गया कि नंबर सात रूट वाले वाहन सवारियों को पुरानी सब्जी मंडी के पास उतारकर खाली गाड़ी मस्जिद के समीप से यूटर्न लेकर अपने स्टैंड पर जाएंगे। रूट नंबर दो के वाहन भी झंडाचौक से यूटर्न लेकर सिद्धबली मंदिर की ओर लौटेंगे। बुकिंग पर जाने वाले वाहन किसी भी रूट पर जा सकते हैं। ट्रैफिक इंस्पेक्टर मनोज मैनवाल ने कहा कि जिन वाहनों के ड्राइवरों के कार्ड नहीं बने हैं वह जल्द ही अपने कार्ड बनवा ले। कहा गया यदि इन नियमों का पालन नहीं किया गया तो वाहन का परमिट निरस्त कर दिया जाएगा। बैठक में यूनियन के अध्यक्ष सतेंद्र रावत, कोषाध्यक्ष चंद्रमोहन केष्टवाल, ऑटो स्टैंड प्रधान दीपक, शिशुपाल, वीरेंद्र, रमेश, अनिल बहुगुणा, सतीश पाल, पिंकी भाई, बसंत और धनेश नेगी आदि मौजूद रहे।