कोटद्वार। जलसंस्थान की लापरवाही रतनपुर रोड पर राहगीरों के लिए परेशानी का सबब बनी हुई है। पिछले छह माह से सड़क के किनारे वाल्व लीक कर रहा है। हमेशा बहते पानी से सड़क क्षतिग्रस्त हो गई है, जिसके यहां हमेशा दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।
ग्राम पंचायत बलभद्रपुर के रतनपुर-बीईएल रोड पर पेयजल लाइन का वाल्व लीक होने के कारण सड़क पर गड्ढे पड़े हुए हैं। आए दिन लोग गड्ढों में रपटकर चोटिल हो रहे हैं, लेकिन विभाग लीक हो रहे वाल्व से अनजान है।
प्रवीण सिंह रावत, राजेंद्र सिंह बिष्ट, अनिल नेगी और प्रमोद खंतवाल ने जलसंस्थान पर लोगों को खतरे में डालने का आरोप लगाया है। कहा कि बमुश्किल लोक निर्माण विभाग ने देवी रोड को बीईएल रोड को जोड़ने वाली मुख्य सड़क पर डामर बिछाया था, लेकिन पानी से डामर उखड़ गया है। गड्ढों में गिरने से दोपहिया वाहन चालक चोटिल हो रहे हैं। विभाग को कई बार लिखित और मौखिक शिकायत की गई पर कोई कार्रवाई नहीं हुई।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र वाल्व की मरम्मत नहीं की गई तो अधिशासी अभियंता का घेराव किया जाएगा। उधर, जलसंस्थान के अवर अभियंता बृजमोहन रावत ने कहा कि उन्हें वाल्व के लीकेज की जानकारी नहीं है, कर्मचारियों को भेजकर समस्या का समाधान किया जाएगा।
- फोटो-