कोटद्वार। नगर निगम के विरोध सहित नौ मांगों को लेकर उत्तराखंड क्रांति दल ने सोमवार को धरना-प्रदर्शन किया। पार्टी कार्यकर्ताओं ने नगर निगम का शासनादेश वापस नहीं लेने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी।
सोमवार को पार्टी के केंद्रीय संरक्षक डा. शक्तिशैल कपरवाण के नेतृत्व में कार्यकर्ता तहसील में एकत्र हुए। उन्होंने तानाशाही हटाओ, भाबर बचाओ.., नगर निगम हटाओ, गांव बचाओ.. नारों के साथ प्रदेश सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। इस अवसर पर आयोजित सभा में केंद्रीय संरक्षक डा. कपरवाण ने प्रदेश सरकार पर जन विरोधी नीतियां अपनाने का आरोप लगाया। कहा कि सरकार नगर पालिकाओं को तो सक्षम कर नहीं पा रही है, उलटा ग्रामीणों पर जबरन नगर निगम थोपा जा रहा है। सरकार को नगर निगम न बनाकर ग्रामीण क्षेत्रों में स्मार्ट विलेज की योजना बनानी चाहिए। इसके अलावा उन्होंने चिल्लरखाल-लालढांग मोटर मार्ग का निर्माण किए जाने, कालागढ़-कोटद्वार-चिलरखाल हाईवे का निर्माण किए जाने, कण्वाश्रम को राष्ट्रीय पर्यटन के रूप में विकसित किया जाने, कोटद्वार में नर्सिंग कालेज का निर्माण कराने, कोटद्वार में केंद्रीय विद्यालय खोला जाने, सत्तीचौड़ नहर, दुर्गापुरी चौक से शिवमंदिर-बीईएल लिंक रोड, निंबूचौड़-मवाकोट मार्ग की मरम्मत किए जाने, कोटद्वार-भाबर में अधूरे पड़े आपदा राहत कार्यों को शीघ्र करने और सनेह और भाबर में हाथी की आमद रोकने के लिए हाथी सुरक्षा दीवार बनाने की मांग की।
इस अवसर पर यूकेडी के जिलाध्यक्ष जगदीपक रावत, श्रवण सिंह रावत, सुनील सेमवाल, हरजीत सिंह, मुकेश ध्यानी, हरीश द्विवेदी, सुरेश रावत, गणेश डबराल, अखिलेश बड़थ्वाल, मनोहर नेगी, आकाश बडोला व कैलाश जोशी आदि मौजूद थे।