कोटद्वार। जलसंस्थान की लापरवाही के चलते उत्तरी झंडीचौड़ में लोग पेयजल किल्लत से जूझ रहे हैं। एक सप्ताह से ट्यूबवेल खराब होने से लोगों को पानी के लिए भटकना पड़ रहा है। विभाग मामले में लापरवाह बना हुआ है।
उत्तरी झंडीचौड़ में रामलीला मैदान के पास स्थापित ट्यूबवेल से सैकड़ों की आबादी को पेयजल आपूर्ति की जाती है। ट्यबवेल में खराबी आने के कारण पिछले एक सप्ताह क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति ठप है। लोग अन्य मोहल्लों से पानी ढोने को मजबूर हैं। वहीं क्षेत्र के उमरावपुर में संचालित दीन दयाल उपाध्याय ग्रामीण कौशल प्रशिक्षण केंद्र में प्रशिक्षण ले रहे 50 युवाओं को भी पेयजल संकट का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय नागरिक मोहन सिंह रावत, राजेंद्र सिंह, प्रताप सिंह ने जलसंस्थान पर जनता की अनदेखी करने का आरोप लगाते हुए कहा कि सूचना के बावजूद एक हफ्ते में भी ट्यूबवेल को दुरुस्त नहीं किया गया है। उधर, जलसंस्थान के अधिशासी अभियंता एलसी रमोला ने बताया कि ट्यूबवेल की मरम्मत के लिए श्रमिकों को लगाया गया है, शीघ्र क्षेत्र में पेयजल उपलब्ध कराया जाएगा।