कोटद्वार/लैंसडौन। गढ़वाल संसदीय सीट के कोटद्वार, यमकेश्वर व लैंसडौन विधानसभा क्षेत्र के बुजुर्ग व दिव्यांग मतदाताओं की होम वोटिंग कराने के लिए शनिवार को कोटद्वार से 68 पोलिंग पार्टियां रवाना हो गईं। सबसे अधिक 31 पोलिंग पार्टियां यमकेश्वर विधानसभा के लिए रवाना हुईं।
कोटद्वार के एसडीएम सोहन सिंह सैनी ने बताया कि कोटद्वार विधानसभा में 85 वर्ष से अधिक 232 बुजुर्ग व 50 दिव्यांग मतदाताओं की ओर से होम वोटिंग के लिए आवेदन किया गया था। इनके लिए 19 पोलिंग पार्टियां, माइक्रो आब्जर्वर व सेक्टर मजिस्ट्रेट रवाना किए गए। ये सीलबंद मतपत्र कोषागार में जमा कराए जाएंगे।
यमकेश्वर के एसडीएम चतर सिंह चौहान ने बताया कि यमकेश्वर विधानसभा में 385 बुजुर्ग व 64 दिव्यांग मतदाताओं के लिए 31 पोलिंग पार्टियां कोटद्वार से रवाना की गई हैं। इस प्रक्रिया में तीन दिन लगने की संभावना है। इस प्रक्रिया में जो लोग छूट जाएंगे, उनके लिए नौ और दस अप्रैल को एक बार फिर से पार्टी रवाना की जाएगी।
एसडीएम लैंसडौन शालिनी मौर्य ने बताया कि उनकी लैंसडौन विधानसभा में 165 बुजुर्ग व 49 दिव्यांग कुल 214 मतदाता होम वोटिंग के तहत बैलेट के माध्यम से मतदान करेंगे। होम वोटिंग के लिए कोटद्वार से 18 पोलिंग पार्टियां शनिवार को रवाना कर दी गई हैं। इन मतपत्रों को लैंसडौन व धुमाकोट कोषागार में जमा कराया जाएगा।