कोटद्वार। आपदा प्रबंधन विभाग उत्तराखंड के तत्वावधान में बृहस्पतिवार को कोटद्वार तहसील में आयोजित दो दिवसीय कार्यशाला के पहले दिन आपदा प्रबंधन के साथ ही राहत और बचाव के संबंध में जानकारी दी गई।
बृहस्पतिवार को तहसील सभागार में आयोजित कार्यशाला में आईआरएस (त्वरित घटना प्रबंधन) विशेषज्ञ वीवी गणनायक ने आपदा प्रबंधन के संबंध में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि किसी भी तरह की आपदा हो, शुरुआत में सीमित संसाधन ही उपलब्ध होते हैं। इन्हीं सीमित संसाधनों में आपदा प्रबंधन टीम को राहत और बचाव कार्य करने होते हैं। उन्होंने कहा कि सीमित या कम संसाधनों में भी किस तरह से कुशल प्रबंधन हो सकता है, यही पहला टास्क अधिकारियों का होना चाहिए। इसके लिए पहले से ही तैयारी कर ली जानी चाहिए।
मुख्य प्रशासनिक अधिकारी आनंद रतूड़ी ने बताया कि शुक्रवार को लकड़ीपड़ाव में मॉक ड्रिल का आयोजन होगा। मॉक ड्रिल में एनसीसी के 30 कैडेटों के साथ ही गढ़वाल राइफल्स रेजीमेंट सेंटर के जवान शिरकत करेंगे। इस मौके पर उपजिलाधिकारी कमलेश मेहता, नायब तहसीलदार डबल सिंह रावत, रजिस्ट्रार कानूनगो पूरन प्रकाश रावत सहित नगर निगम, तहसील, लोनिवि, वन विभाग, बाल विकास सहित तमाम विभागों के अधिकारियों ने प्रतिभाग किया।
-फोटो