लैंसडौन/कोटद्वार। लैंसडौन तहसील के चैलूसैंण-देवीखेत मार्ग पर एक मैक्स खाई में गिरने से एक की मौत हो गई, जबकि चालक समेत तीन लोग घायल हो गए। ग्रामीण के बेटे की हालत गंभीर बताई जा रही है।
द्वारीखाल के पूर्व ब्लाक प्रमुख रवि रावत ने बताया कि सौड़ छतिंडा निवासी रमेश सिंह (65) पुत्र कुंदन सिंह की तबियत खराब होने के कारण उनका बेटा अमित सिंह शनिवार को उन्हें उपचार के लिए दिल्ली ले जा रहा था। कोटद्वार-दुगड्डा मार्ग बाधित होने के कारण वे शाम को गांव लौट रहे थे कि बमोली गांव के पास चैलूसैंण-देवीखेत मार्ग पर मैक्स अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में रमेश सिंह की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि मृतक का बेटा अमित सिंह (28), अनिल सिंह (22) पुत्र अर्जुन सिंह निवासी बमोली और चालक अनिल सिंह (30) पुत्र बीर सिंह निवासी मष्टखाल चैलूसैंण घायल हो गए। घायल अमित सिंह की हालत गंभीर बनी हुई है। जिलाधिकारी पौड़ी सुशील कुमार ने बताया कि घायल को सतपुली हंस कल्चरल सेंटर के अस्पताल या फिर पौड़ी ले जाने के लिए एंबुलेंस की व्यवस्था की जा रही है।