कोटद्वार। उत्तराखंड विकास पार्टी की बैठक में वक्ताओं ने सीबीआई अदालत द्वारा बाबा राम रहीम को दोषी करार दिए जाने के आदेश का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि अदालत के आदेश ने यह साबित कर दिया है कि धर्म की आड़ में कोई भी इंसान कानून से बच नहीं सकता। वक्ताओं ने उन महिलाओं की सराहना की, जिन्होंने तमाम प्रतिबंधों के बावजूद और जान का खतरा होने के बावजूद इंसाफ की इस लड़ाई को जारी रखा। वक्ताओं ने कहा कि यह इंसाफ का एक ऐसा फैसला है, जिसने देश में आम इंसान, पत्रकार और ईमानदार जांच अधिकारी के कार्यों को अपने मुकाम तक पहुंचाया है। अदालत के आदेश से इस देश और हिंदू धर्म को नई दिशा मिलेगी और साथ ही वोट बैंक के नाम पर धर्म का सौदा कर रहे राजनीतिक दलों को सबक मिलेगा।
बैठक में विनय बिष्ट, रघुवीर सिंह नेगी, अभय काला, शिव शंकर गौड़, अनुसूया प्रसाद बलोदी, रजनीकांत, ऋषि बौंठियाल, चंद्रेश, सुदीप बौंठियाल, आशीष व महेश देवरानी आदि उपस्थित थे।