कोटद्वार। राजकीय महाविद्यालय कोटद्वार के छात्र संघ चुनाव को लेकर रविवार को भी कालेज खुला रहा। छात्र-छात्राओं ने महाविद्यालय पहुंचकर चुनाव में वोट डालने के लिए अपने परिचय पत्र प्राप्त किए।
रविवार को सुबह से ही छात्र-छात्राओं और विभिन्न संगठनों के छात्र नेता महाविद्यालय में सक्रिय हो गए। उन्होंने छात्र-छात्राओं को रिझाने के लिए उनके परिचय पत्र निकलवाए। इस बीच महाविद्यालय के प्राचार्य डा. एमएस रौतेला, मुख्य निर्वाचन अधिकारी डा. डीएम शर्मा सहित अधिकतर प्रवक्ता चुनाव की तैयारियों में जुटे रहे। इस दौरान रविवार के दिन भी महाविद्यालय में चुुनाव का माहौल बना रहा। महाविद्यालय के मुख्य निर्वाचन अधिकारी डा. डीएम शर्मा ने बताया कि 31 अगस्त तक परिचय पत्र वितरण का कार्य जारी रहेगा। एक सितंबर को मतदान के दिन किसी भी छात्र को बिना परिचय पत्र के महाविद्यालय के अंदर नहीं घुसने दिया जाएगा।
उधर, शनिवार को कुछ कक्षाओं के परीक्षा परिणाम घोषित होने के बाद नए एडमिशन के लिए फीस जमा नहीं कर पाए छात्रों के समर्थन में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के छात्र नेताओं ने प्राचार्य से भेंट कर सोमवार को फीस जमा करने की मांग की। एबीपीपी के गढ़वाल संयोजक सौरभ नौडियाल ने कहा कि कुछ छात्रों को शनिवार को दोपहर बाद तक रिजल्ट घोषित हुआ है, ऐसे में उन्होंने किसी प्रकार प्रवेश फार्म तो जमा कर दिया है, लेकिन देर होने के कारण वे फीस जमा नहीं कर पाए हैं। फीस जमा नहीं होने के करण उन्हें वोट से वंचित रहना पड़ेगा। उन्होंने शनिवार तक प्रवेश फार्म जमा करने वाले छात्रों की सोमवार को फीस जमा करने की मांग की। इस अवसर पर नीरज ढौंडियाल, अमित खत्री, आकाश रावत व रजनीश बेबनी आदि मौजूद थे।
-फोटो