कोटद्वार। डाक सेवकों की चार सूत्री मांगों के समर्थन में हड़ताल सातवें दिन भी जारी रही। कर्मचारियों ने मांग पूरी नहीं होने तक आंदोलन जारी रखने की चेतावनी दी।
मंगलवार को जिले के डाक सेवकों ने कोटद्वार, सिलोगी, लैंसडौन और धुमाकोट में धरना देते हुए प्रदर्शन किया। कोटद्वार में दुगड्डा ब्लाक के विभिन्न ग्रामीण डाकघरों से जुड़े डाक सेवक बदरीनाथ रोड स्थित मुख्य डाकघर में एकत्र हुए। संगठन के जिला सहायक सचिव बलवंत सिंह के नेतृत्व में उन्होंने अपनी मांगों को लेकर केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी के साथ प्रदर्शन किया। उन्होंने कमलेश चंद्र कमेटी की रिपोर्ट को अखिल भारतीय डाक सेवक संघ के सुझाओं के साथ शीघ्र लागू करने, ग्रामीण डाकसेवकों से आठ घंटे काम लेने, उन्हें विभागीय कर्मचारी का दर्जा देने, पेंशन लागू करने और टारगेट के नाम पर उनका उत्पीड़न बंद करने की मांग की।
इस अवसर पर गणेश चंद्र भारद्वाज, सुनील अमोला, जगदीश प्रसाद, राजेंद्र डोबरियाल, राजाराम जुयाल, प्रसन्न सिंह नेगी, रूपचंद्र, राजेंद्र सिंह, चंद्रमोहन सजवाण, नागेंद्र भारद्वाज, मोहन खंतवाल, सुरेंद्र सिंह रावत, भीम सिंह नेगी, मुकेश कुमार, केशव पाठक, अनुसूया प्रसाद व जगदीश पोखरियाल आदि धरना-प्रदर्शन में शामिल हुए।
-फोटो