फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

कोटद्वार, टिहरी और रुद्रप्रयाग में मिले 31 कोरोना संक्रमित

विज्ञापन
विज्ञापन
बुधवार को कोटद्वार बेस अस्पताल के पांच स्टाफ सहित क्षेत्र के 16 और लोगों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है। वहीं टिहरी जिले में नौ और रुद्रप्रयाग में छह नए कोरोना संक्रमित मिले हैं। सभी मरीजों को आइसोलेट किया गया है।
विज्ञापन

सीएमओ पौड़ी डा. मनोज बहुखंडी ने बताया कि बेस अस्पताल की दो स्टाफ नर्सों के संक्रमित होने के बाद अस्पताल के स्टाफ की सैंपलिंग के क्रम में बुधवार को बेस अस्पताल के एक रेडियोलॉजिस्ट टेक्नीशियन, दो स्टाफ नर्स, एक वार्ड आया, एक सफाई कर्मी, एक वार्ड आया की छह वर्षीय बच्ची की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इसके अलावा देहरादून से कोटद्वार आए कालाबड़ क्षेत्र निवासी 38 वर्षीय एक सैनिक की रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है।
वहीं, टिहरी जिले में बुधवार को नौ नए लोगों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है। कोरोना पॉजिटिव की संख्या बढ़कर 533 हो गई है। संक्रमितों में से 509 लोग स्वस्थ होकर घर भी लौट चुके हैं। संक्रमितों में से दो जम्मू कश्मीर, एक-एक अगरतला, मुंबई से हैं। जबकि पांच लोग नरेंद्रनगर ब्लॉक के अलग-अलग गांवों के स्थानीय हैं, इनकी ट्रेवल हिस्ट्री नहीं है।
विज्ञापन

एडीएम शिवचरण द्विवेदी ने बताया कि बुधवार को कोरोना संक्रमण के नौ नए केस मिले हैं। इनमें नरेंद्रनगर के चार, थौलधार, कीर्तिनगर, भिलंगना, देवप्रयाग और जाखणीधार के एक-एक व्यक्ति में संक्रमण की पुष्टि हुई है। 174 सैंपल की रिपोर्ट नेगेटिव आई है, जबकि 1186 सैंपल अभी भी प्रतीक्षारत है। जिले में कोरोना के 22 एक्टिव केस रह गए हैं।
उधर, रुद्रप्रयाग में पिछले दस दिनों में ही जिले में 17 नए केस आ चुके हैं। 30 जुलाई को बिहार से चार मजदूर जिले में पहुंचे थे, जिन्हें अगस्त्यमुनि में संस्थागत क्वारंटीन किया गया था। मंगलवार रात को चारों पॉजिटिव मिले हैं। वहीं जखोली ब्लॉक में एक युवक सऊदी अरब से पहुंचा था। अगस्त्यमुनि ब्लॉक में एक युवक संक्रमित मिला। संक्रमितों को माधवाश्रम अस्पताल में आइसोलेट किया गया है। मुख्य चिकित्साधिकारी डा. बीपी शुक्ला ने बताया कि जिले में अब 87 एक्टिव केस हैं। वहीं, ग्राम पंचायत ललूड़ी में रैंडम सैंपलिंग के तहत 80 ग्रामीणों की रिपोर्ट नेगेटिव आई है।
बेस अस्पताल कर्मियों पर कोरोना का कहर
कोटद्वार। बेस अस्पताल कोटद्वार के कर्मचारियों में कोरोना संकट छा गया है। आलम यह है कि 10 जुलाई से अब तक 11 कर्मचारी कोरोना संक्रमित हो गए हैं। अभी करीब 50 कर्मचारियों की रिपोर्ट आनी बाकी है। अस्पताल के पीएस डॉ. बीसी काला ने बताया कि 10 जुलाई को हरिद्वार स्थित अपने घर से आई एक स्टाफ नर्स के संक्रमित होने के बाद अस्पताल के स्वास्थ्य कर्मियों और स्टाफ कोरोना की चपेट में है। 10 जुलाई से अब तक चार स्टाफ नर्स, दो डॉक्टर, एक रेेडियोलॉजिस्ट टेक्नीशियन, दो वार्ड आया, एक कपड़ा सफाई ठेकेदार और दो सफाई कर्मी कोरोना संक्रमित हो गए हैं।
रुद्रप्रयाग के 680 गांवों में की जाएगी रैंडम सैंपलिंग
रुद्रप्रयाग। कोरोना संक्रमण सामुदायिक स्तर पर न पहुंचे इसके लिए जिला प्रशासन ने 680 गांवों में रैंडम सैंपलिंग का निर्णय लिया है, जिसके लिए 22 टीमों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है। एक सप्ताह में गांवों में रैंडम सैंपलिंग शुरू कर दी जाएगी।
डीएम वंदना सिंह ने बताया कि हरिद्वार, ऊधमसिंह नगर, नैनीताल और देहरादून से आने वाले लोगों की एंटीजन टेस्ट कराया जा रहा है। अभी तक 250 लोगों की जांच की जा चुकी है। जिले की सीमा पर स्थित चिरबटिया व खांकरा चेकिंग प्वाइंट में भी बाहर से आने वाले प्रत्येक व्यक्ति की पूरी पड़ताल की जा रही है। गांवों में रैंडम सैंपलिंग के लिए 22 टीमों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग को भी तैयारियों को समयबद्ध पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें