श्रीराम जन्मभूमि मंदिर के भूमि पूजन पर आयोजित कार्यक्रमों मेें सोशल डिस्टेंसिंग की जमकर धज्जियां उड़ाई गईं। लोग श्रीराम की लगन में ऐसे खोए हैं कि उन्हें न तो मास्क पहने का ध्यान रहा और न ही सामाजिक दूरी का। ऐसे में कोरोना संक्रमण फैलने का खतरा बढ़ गया है। झंडाचौक पर राजनीतिक दल और संगठन के कार्यकर्ता मास्क उतारकर मिठाई खाने और खिलाने मेें जुटे रहे। देवी मंदिर चौराहे लोग एक साथ खड़े होकर जयघोष करते रहे। इसके अलावा कई मंदिरों में सुंदरकांड और पूजन के आयोजनों में भी सोशल डिस्टेंसिंग का ध्यान नहीं रखा गया। सीएमओ पौड़ी डा. मनोज बहुखंडी ने बताया कि जिले में संक्रमण के मामले बढ़ रहे हैं, ऐसे में मास्क और सोशल डिस्टेंसिंग ही कोविड-19 से बचने का एकमात्र उपाय है। उन्होंने लोगों से मास्क का उपयोग और सोशल डिस्टेंसिंग का हर हालत में पालन करने की अपील की है।