कण्वघाटी (भाबर)। नगर निगम के वार्ड नंबर 37 झंडीचौड़ पश्चिमी में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के अंतर्गत शिविर का आयोजन किया गया। इसमें किसान सम्मान निधि के लिए 150 किसानों ने रजिस्ट्रेशन कराए।
झंडीचौड़ पश्चिमी में आयोजित शिविर का आयोजन पार्षद सुखपाल शाह की अध्यक्षता में किया गया। इसमें कृषि विभाग से जयपाल सिंह रावत व क्षेत्रीय लेखपाल नेहा कुरील ने क्षेत्र के किसानों के फार्म की जांच कर किसानों का रजिस्ट्रेशन किया। शिविर में उन किसानों के फार्म लिए गए, जिनके पास दो बीघा से अधिक और 30 बीघा से कम जमीन थी। शिविर में 150 किसानों के आवेदन प्राप्त किए गए हैं। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के अंतर्गत किसानों को छह हजार प्रतिवर्ष दिए जाएंगे। शिविर में उन किसानों के आवेदन नहीं लिए गए, जिनके पास दो बीघा से कम जमीन है। इससे उनमें रोष बना हुआ है। पार्षद सुखपाल शाह ने कहा कि झंड़ीचौड़ पश्चिमी में दो बीघा से कम जमीन वाले किसानों की संख्या अधिक है। उनके लिए तहसील प्रशासन से बात की जाएगी, जिससे कम से कम एक बीघा वाले किसानों को भी इस योजना का लाभ मिल सके।
इस अवसर पर महिला मंगल दल के अध्यक्ष रामेश्वरी देवी, नयन सिंह बिष्ट, सामाजिक कार्यकर्ता धर्म सिंह, सामाजिक कार्यकर्ता राजेंद्र सिंह चौहान, पुष्पा देवी व सतीश नेगी आदि मौजूद रहे।
-फोटो