दुगड्डा। ब्लॉक के तीन गांव के आवागमन का माध्यम खोह नदी में बना झूला पुल जर्जर हो गया है। दो लाख की लागत से लोनिवि ने पुल की मरम्मत चंद महीनों पूर्व ही कराई थी, लेकिन गुणवत्ता के अभाव में पुल पहली बरसात में ही जर्जर हो गया।
बंगला, जुवा, सरूडा सकाली आदि गांवों के लोगों की समस्याओं को देखते हुए जिला पंचायत ने खोह नदी में झूला पुल का निर्माण कराया था। विभाग द्वारा गुणवत्ता का ध्यान नहीं दिए जाने के कारण झूला पुल पर जगह गड्ढे पड़ने और पुल के दोनों ओर बनाई गई रैलिंग की ऊंचाई कम होने से आवाजाही करने वाले राहगीरों का खोह नदी में गिरने का अंदेशा बना हुआ है।
प्रधान जुवा इसलाम अली, प्रधान सरूडा सकाली ने कहा कि पुल से प्रतिदिन क्षेत्र के ग्रामीण, स्कूली बच्चे आवाजाही करते हैं। क्षेत्र में हो रही मूसलाधार बारिश से स्थिति संवेदनशील बनी है। उधर, पीडब्लूडी के अधिशासी अभियंता निर्भय सिंह ने कहा कि पुल के खस्ताहाल होने का मामला संज्ञान में नहीं है। अधीनस्थ अधिकारी से निरीक्षण करा अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।