कोटद्वार। ऑटो चालकों की मनमानी से परेशान भाबर क्षेत्र के लोगों ने ऑटो चालकों के खिलाफ प्रदर्शन किया। उन्होंने प्रशासन से मनमाना किराया वसूलने और अभद्रता करने वाले ऑटो चालकों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की। उन्होंने ऑटो चालकों की मनमानी पर रोक नहीं लगने पर आंदोलन की चेतावनी दी।
मंगलवार को भाबर क्षेत्र के निंबूचौड़, दुर्गापुर, उमरावनगर, मोटाढाक, किशनपुरी आदि क्षेत्र के लोग तहसील में पहुंचे। उन्होंने एसडीएम को ज्ञापन सौंपते हुए भाबर क्षेत्र में चल रहे ऑटो चालकों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की। इस अवसर पर लोगों ने कहा कि ऑटो चालक ओवरलोडिंग के नाम पर मनमाना किराया वसूल रहे हैं, इसके बावजूद ऑटो में आठ-नौ सवारियां बैठाई जा रही है। लोगों द्वारा विरोध करने पर वे अभद्रता पर उतारू हो जा रहे हैं। इस अवसर पर मनवर सिंह चौहान, दिनेेश चंद्र, सचेंद्र सिंह रावत, ललित ध्यानी, हरेंद्र सिंह, जयप्रकाश शर्मा, बलवीर रौतेला, गिरीश चंद्र सिलोड़ी, शिव सिंह नेगी, विष्णु बिष्ट, अमित कुकरेती आदि मौजूद थे।