किशनपुन/कोटद्वार। जीजीआईसी कलालघाटी में आयोजित प्रवेशोत्सव कार्यक्रम में नई छात्राओं को प्रधानाचार्य ने पुरस्कार देकर सम्मानित किया। इस दौरान अभिभावकों को विद्यालय की योजनाओं की जानकारी दी गई।
मंगलवार को आयोजित प्रवेशोत्सव का शुभारंभ प्रधानाचार्य पुष्पा धस्माना ने किया। एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी डा. मंजू कपरवाण ने बताया कि विद्यालय में नए प्रवेश में नामांकन वृद्धि के लिए शिक्षिकाओं ने एक अप्रैल से 15 अप्रैल तक घर-घर जाकर अभिभावकों से संपर्क किया और बच्चों का प्रवेश सरकारी विद्यालयों में कराने की अपील की। शिक्षिकाओं की मेहनत के परिणामस्वरूप विद्यालय में 36 नवीन प्रवेश हुए। इस दौरान प्रवक्ता हिमानी बहुगुणा ने अभिभावकों को विद्यालय की विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। कार्यक्रम में शिक्षिका उषा रावत, किरन, सरिता बिष्ट, सुमनलता, मुक्ता नेगी, ऋतु थपलियाल, बीना शर्मा, विनीता जोशी, पीतांबरी रावत, सावित्री रावत और अभिभावक राखी देवी, शकुंतला देवी, चंद्रप्रकाश, कमला देवी व शोभा देवी आदि मौजूद रही।
-फोटो
नए बच्चों का तिलक और मिष्ठान से किया स्वागत
जीआईसी कोटद्वार में प्रवेशोत्सव का आयोजन
अमर उजाला ब्यूरो
कोटद्वार। राजकीय इंटर कालेज कोटद्वार में नए बच्चों के स्वागत में प्रवेशोत्सव मनाया गया। इस दौरान विद्यालय में नए प्रवेश लेने वाले बच्चों का तिलक लगाकर और मिष्ठान खिलाकर स्वागत किया गया।
मंगलवार को आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि माध्यमिक अनुभाग की उपनिदेशक कमला बड़वाल, पीटीए अध्यक्ष महेंद्र अग्रवाल व प्रधानाचार्य जगमोहन सिंह रावत ने किया। शिक्षिका सुरभि सचदेवा, बबीता, आराधना, सुधा बड़थ्वाल व सादर सिंह रावत ने नव प्रवेशी बच्चों का तिलक और मिष्ठान से स्वागत किया। बच्चों ने गीतों, कविता व चुटकुले सुनाकर कार्यक्रम में समा बांधा। पीटीए अध्यक्ष महेंद्र अग्रवाल ने बच्चों को कॉपी व पेन भी भेंट किए। उपनिदेशक कमला बड़वाल ने अभिभावकों को नई योजनाओं की जानकारी दी। इस मौके पर शिक्षक कुलदीप मैंदोला व जगमोहन रौतेला आदि मौजूद रहे।
-फोटो
प्रवेशोत्सव में बालिका शिक्षा पर दिया जोर
लैंसडौन। जीजीआईसी लैंसडौन में प्रवेशोत्सव धूमधाम से मनाया गया। इस मौके पर बालिका शिक्षा पर जोर दिया गया और अभिभावकों से अपने बच्चों को बेहतर शिक्षा प्रदान करने के लिए नियमित रूप से विद्यालय भेजने की अपील की गई।
विद्यालय में आयोजित प्रवेशोत्सव कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय की प्रधानाचार्य बबीता ध्यानी, अभिभावक विनोद रावत व ललिता ड्यूढ़ी ने किया। प्रधानाचार्य बबीता ध्यानी कहा कि लोग प्रतिदिन नियमित रूप से अपने बच्चों को पठन-पाठन के लिए विद्यालय भेजना सुनिश्चित करें। उन्होंने बालिका शिक्षा पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता बताई। इस मौके पर छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुतियां देकर लोगों का मन मोह लिया। इस मौके पर नर्बदा गुसाईं द्वारा रचित गढ़वाली गीत पर छात्राओं की मनमोहक प्रस्तुति ने खूब समा बांधा। कार्यक्रम में शिक्षिका तरूछाया अग्रवाल, रश्मि कुकरेती के निर्देशन में छात्राओं ने अनुपयोगी वस्तुओं से निर्मित सामग्रियों की प्रर्दशनी भी लगाई। इस अवसर पर दीप्ति गुसाईं, मीनाक्षी चौहान व मीना अधिकारी सहित नगर के कई गण्यमान्य लोग मौजूद रहे।
12 नए छात्र-छात्राओं ने लिया प्रवेश
अमर उजाला ब्यूरो
सतपुली। एकेश्वर ब्लाक के अंतर्गत राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय पाटीसैंण में सरकारी स्कूलों में छात्र संख्या बढ़ाने के लिए प्रवेशोत्सव कार्यक्रम आयोजित किया गया। विद्यालय प्रांगण में आयोजित कार्यक्रम में वक्ताओं ने शिक्षकों, अभिभावकों एवं छात्रों को शैक्षिक उन्नयन, गुणवत्ता एवं प्रबंधन आदि विषयों पर जानकारी दी। साथ ही सरकारी स्कूलों में छात्र संख्या बढ़ाने के कारण एवं निवारण पर भी प्रकाश डाला। प्रवेशोत्सव में 12 छात्र-छात्राओं ने विद्यालय में प्रवेश लिया। डायट के प्राचार्य देवेंद्र सिंह आर्य ने छात्र-छात्राओं की शैक्षणिक गतिविधियों, स्वच्छता आदि क्रिया कलापों का भी निरीक्षण किया।
इस मौके पर उप शिक्षा अधिकारी एकेश्वर बुशरा, जिला पंचायत सदस्य नरेंद्र कनपुडिया, प्रधानाध्यापक आरएस डेविड समेत अनेक ग्रामीण एवं छात्र मौजूद थे।
रंगारंग कार्यक्रमों के साथ मनाया प्रवेशोत्सव
किशनपुर। भाबर के जीआईसी कण्वघाटी में प्रवेश लेने वाले नए छात्र-छात्राओं के स्वागत के लिए प्रवेशोत्सव मनाया गया। विद्यालय के प्रधानाचार्य सिद्धार्थ रावत की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में प्रवेशोत्सव और मातृशक्ति दिवस पर चर्चा की गई। इसके बाद प्रतिभा दिवस भी मनाया गया। इसमें छात्र-छात्राओं ने प्रोजेक्ट फाइल, कलाकृतियों, निबंध लेखन के साथ ही रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। इस अवसर पर प्रवक्ता रमाकांत कुकरेती, राकेश मोहन ध्यानी, कुलदीप नेगी, मंजू नेगी व दिवाकर प्रसाद परिंदियाल मौजूद रहे।