लैंसडौन। ग्राम पंचायत सारी तल्ली के जंडालगा गांव में स्थापित सोमेश्वर महादेव शिवमंदिर का ताला तोड़ कर चोर तीन बड़े घंटे और कलश उड़ा ले गए। इस संबंध में गांव की गीतांजलि गौड़ ने कोतवाली में तहरीर दी है।
घटना शनिवार रात की है। रविवार को सुबह जब ग्रामीण पूजा अर्चना के लिए मंदिर पहुंचे तो पता चला कि मंदिर के कई वर्षों पुराने घंटे तथा कलश चोर उड़ा ले गए। चोरी की तहरीर गीतांजलि गौड़ पुत्री राधेश्याम गौड़ ने कोतवाली में दी। गीतांजलि ने बताया कि पीतल व अन्य धातु के तीन बड़े घंटे जो मंदिर की छत की बिम के साथ सरियों के सहारे बांधे गए थे। चोरों ने धारधार हथियारों की मदद से उन्हें काट लिया और वे मंदिर के घंटे उड़ा ले गए। मंदिर आबादी से 400 मीटर की दूरी पर था, इसीलिए रात को किसी को भी इस वारदात का पता नहीं चला।