कोटद्वार। नगर निगम की मेयर हेमलता नेगी ने सोमवार को विभागीय अधिकारियों की पहली बैठक ली। इसमें उन्होंने बदहाल सड़कों की हालत सुधारने और पेयजल लाइनों की लीकेज जल्द बंद करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नगर निगम शहर से लेकर गांवों तक के लोगों की समस्याओं पर त्वरित कार्य करेगा। बैठक के बाद मेयर ने बेस अस्पताल का निरीक्षण कर वहां मरीजों का हालचाल जाना और सीएमएस को मरीजों को अस्पताल से ही दवाइयां उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
सोमवार को मेयर हेमलता नेगी पार्षदों के साथ ठीक दस बजे नगर निगम कार्यालय पहुंचीं। यहां उन्होंने सभागार में लोनिवि, जल संस्थान और कई विभागीय अधिकारियों की बैठक ली। उन्होंने नगर निगम क्षेत्र में सफाई व्यवस्था सुचारु करने को कहा। उन्होंने क्षतिग्रस्त नहरों को ठीक करने, आपदा के मलबे से पटी नहरों की सफाई करने, पेयजल लाइनों की लीकेज बंद करने, बंद पड़े ओवर हैड टैंकों को चालू करने को कहा। मेयर ने अधिकारियों को वार्ड पार्षदों के साथ शालीन व्यवहार करने की हिदायत दी। उन्होंने कहा कि पार्षद अपने क्षेत्र की जो भी समस्याएं लेकर आएं, उनका तत्काल संज्ञान लिया जाना चाहिए। इस मौके पर नगर आयुक्त/उपजिलाधिकारी कमलेश मेहता व सहायक नगर आयुक्त राजेश नैथानी समेत ऊर्जा निगम, जल निगम, जल संस्थान व लोक निर्माण विभाग के अधिकारी मौजूद थे।
बैठक के बाद मेयर ने बेस चिकित्सालय का निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाएं जांचीं। इस मौके पर पूर्व मंत्री सुरेंद्र सिंह नेगी, पार्षद सूरज कांति, विपिन डोबरियाल, अनिल रावत, सोनिया नेगी, अनीता मल्होत्रा, कुलदीप कंबोज व गिरिराज किशोर हिंदवाण सहित कई लोग मौजूद थे।
-फोटो