यमकेश्वर। क्षेत्र में हो रही बारिश से यमकेश्वर ब्लाक का प्रमुख दुगड्डा-कांडी-लक्ष्मणझूला स्टेट हाईवे खतरनाक हो चुका है। दीउली के पास जहां सड़क के पुश्ते ढहने से सड़क दरक गई है, वहीं पहाड़ी से मलबा आने से इस मार्ग पर सफर खतरे से खाली नहीं है। विकासखंड के कई संपर्क मार्ग अभी भी बंद पड़े हैं। लोग जान जोखिम में डालकर मार्गों पर सफर करने को मजबूर हैं। विभाग सड़कों को खोलने और मरम्मत करने के लिए बरसात के खत्म होने और बजट मिलने का इंतजार कर रहा है।
यमकेश्वर ब्लाक के अंतर्गत बंचूरी-भरपूर मोटर मार्ग, सीला-किमसार-कौड़िया मोटर मार्ग, नालीखाल-महाबगढ़ मोटर मार्ग व सीला-तिमल्याणी मोटर मार्ग पर मलबा आने से आवाजाही ठप है। जबकि कांडी-लक्ष्मणझूला, तूनखाल-यमकेश्वर मोटर मार्ग की स्थिति भी जगह-जगह गढ्ढे पड़ने और मलबा आने से खराब है। भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष महावीर प्रसाद कुकरेती और पूर्व महामंत्री विजय लखेड़ा ने लोनिवि के अधिकारियों से बंद पड़े मार्गों को यातायात के लिए खोलने की मांग की है। भाजपा नेताओं ने क्षेत्रीय विधायक ऋतु खंडूड़ी को भी बंद पड़ी सड़कों और जनता को हो रही परेशानी के बारे में बताया है।
ग्रामीण दीपक कुमार, मनोज सिंह, अनिल कुमार व जितेंद्र सिंह आदि ने लोक निर्माण विभाग पर लोगों की जान खतरे में डालने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कांडी-लक्ष्मणझूला मोटर मार्ग अभी भी दीउली, खैरखाल के समीप खतरनाक बना हुआ है। मोटर मार्ग पर कई जगह दरारें पड़ने से सड़क धंस गई है, जिसे भारी वाहनों के लिए बंद कर दिया है।
उधर, लोनिवि लक्ष्मणझूला के सहायक अभियंता सत्यप्रकाश राठौर ने बताया कि उन्हें सड़क पर मलबा आने की सूचना मिली है। शीघ्र मलबा हटाकर आवाजाही के लिए मार्ग खोल दिया जाएगा। मार्गों की मरम्मत के लिए प्रस्ताव भेजा जाएगा।
-फोटो