कोटद्वार। शिवराजपुर-देवरामपुर और पदमपुर मोटाढांक के ग्रामीणों ने मालन नदी के बाएं तट पर भूकटाव रोकने के लिए मवाकोट से देवरामपुर कंडी रोड तक सुरक्षा दीवार बनाने की मांग की है। ग्रामीणों ने कहा कि मालन नदी इन दो सालों में कई बीघा खेती की जमीन लील चुकी है। मालन नदी को आबादी की ओर आने से रोकने के लिए नदी का चैनलाइजेेशन भी जरूरी है।
ग्रामीण एनएम जोशी, पीतांबर दत्त, खीमानंद जोशी, जगदीश, मोहित कुमार, हरीश जोशी, भारत सिंह रावत, राकेश बिड़ला, प्रदीप बिष्ट, सुषमा जखमोला, कविता जखमोला, पूजा देवी, डबल सिंह व रामचंद्र धस्माना ने उपजिलाधिकारी को बताया कि दिसंबर 2017 में तहसील दिवस में मालन नदी के पुल से देवरामपुर तक सुरक्षा दीवार बनवाने की मांग की गई थी। इस पर सिंचाई विभाग के अधिकारियों ने निरीक्षण कर सिर्फ औपचारिकता ही निभाई। लोगों कहा कि बजट के अभाव में यह सुरक्षा दीवार शिवराजपुर तक ही बनाई गई। मालन नदी के उफान में यह सुरक्षा दीवार भी कई जगह से क्षतिग्रस्त हो गई है। बाढ़ का पानी लोगों के घरों में घुस रहा है और भय से लोग रातभर सो नहीं पा रहे हैं। उधर, पदमपुर मोटाढांक निवासी आरसी कोठारी की अगुवाई में ग्रामीणों ने एसडीएम को ज्ञापन सौंपकर मालन नदी का बीचोंबीच चैनलाइजेशन करने की मांग की है।
-फोटो