कोटद्वार। रियल इस्टेट कंपनी पीएसीएल के निवेशकों का पैसा नहीं लौटाने पर अभिकर्ता और निवेशकों का केंद्र सरकार के खिलाफ धरना-प्रदर्शन पांचवें दिन भी जारी रहा। उन्होंने सरकार को चेतावनी दी कि यदि केंद्र सरकार ने निवेशकों का पैसा वापस नहीं दिलाया तो सरकार को 2019 के लोकसभा चुनाव में इसका परिणाम भुगतना पड़ेगा।
मंगलवार को पीएसीएल अभिकर्ता और निवेशक संघर्ष समिति के बैनर तले कोटद्वार-भाबर के लोग तहसील में एकत्र हुए। उन्होंने कंपनी के खिलाफ नारेबाजी के साथ प्रदर्शन किया। वक्ताओं ने कंपनी पर उनके साथ धोखा करने और केंद्र सरकार पर उनकी रकम नहीं दिलाने का आरोप लगाया। कहा कि वर्ष 2014 में सुप्रीम कोर्ट ने आरएम लोढ़ा की अध्यक्षता में कमेटी का गठन कर केंद्र सरकार को कंपनी की जमा संपत्तियों को बेचने का अधिकार देकर छह माह के भीतर निवेशकों का पैसा लौटाने के आदेश दिए थे, लेकिन चार वर्ष बाद भी केंद्र सरकार ने निवेशकों को उनका पैसा नहीं लौटाया।
इस अवसर पर सुखदेव शास्त्री, बलवीर सिंह, लक्ष्मी बिष्ट, गजे सिंह रावत, रीना आर्य, विजयलक्ष्मी, कल्पना रावत, विक्रम सिंह रावत, प्रताप सिंह, सत्यवती देवी, इंदू देवी, अनीता व सदानंद पांडे आदि मौजूद थे।
-फोटो