कोटद्वार। राष्ट्रीय राजमार्ग पर कोटद्वार-दुगड्डा के बीच कई स्थानों पर मलबा आने से मार्ग पर आवाजाही पूरी तरह से बंद हो गई है। रविवार को पुलिस कर्मियों ने सिद्धबली के पास बैरियर लगाकर किसी को भी आगे जाने की इजाजत नहीं दी। इसके चलते राखी बांधने के लिए घर से निकली बहनें अपने भाई के पास नहीं पहुंच सकीं। गढ़वाल राइफल्स में भर्ती हो चुके युवाओं को कल लैंसडौन में ज्वाइनिंग देनी थी, उन्हें भी पुलिस ने बैरियर से लौटा दिया।
शुक्रवार रात से क्षेत्र में हो रही भारी बरसात से राष्ट्रीय राजमार्ग पर कोटद्वार दुगड्डा के बीच एक स्थान पर भारी मलबा आ गया था। शनिवार को लोग मलबे के ऊपर से पार कर अन्य वाहनों से अपने गंतव्य की ओर जा रहे थे, लेकिन रविवार सुबह कोटद्वार सिद्धबली से लाल पुल के पास दो स्थानों पर भारी मलबा आने, दो किमी पर पोकलेन मशीन के लगने और दुर्गा देवी के पास भूस्खलन होने के चलते मार्ग पूूरी तरह से ठप हो गया। पुलिस ने लोगों की सुरक्षा के लिए सिद्धबली के पास बैरियर लगाकर उन्हें आगे जाने से रोक दिया। कई लोग पहाड़ी पर चढ़कर सड़क तह पहुंचे।
- फोटो