बदरीनाथ रोड स्थित एक एटीएम से बदमाश ने एक महिला का एटीएम कार्ड बदलकर खाते से 19 हजार रुपये उड़ा लिए। महिला ने इस संबंध में कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई।
शिवपुर निवासी प्रीति गौड़ ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि बदरीनाथ रोड स्थित पंजाब नेशनल बैंक के एटीएम में पैसे निकालने गई थी। उसने जैसे ही एटीएम में अपना कार्ड और पिन नंबर डाला पीछे खड़े व्यक्ति ने उसे इमरजेंसी बताते हुए मशीन से कार्ड निकालकर उसे थमा दिया। व्यक्ति ने उससे आगे आकर एटीएम से पैसे निकाले और चला गया। उसके जाने के बाद उसने एटीएम कार्ड मशीन में डाला, लेकिन एटीएम ने काम नहीं किया। जब उसने एटीएम कार्ड गौर से देखा तो उसके होश उड़ गए। एटीएम कार्ड में किसी और का नाम लिखा हुआ था, बदमाश ने उसका कार्ड बदल दिया। इससे पहले कि वह पुलिस के पास जाती, बदमाश ने उसके स्टेट बैंक के खाते में जमा पूरी रकम 19 हजार रुपये निकाल लिए। एसएसआई जगमोहन रमोला ने बताया कि महिला की तहरीर पर कार्रवाई शुरू कर दी गई है। संवाद