कोटद्वार। काशीरामपुर तल्ला गांव स्थित कौडिया नाले में चार देसी बम के धमाकों में चार सुअरों की मौत हो गई। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों को अलर्ट करते हुए मौके पर फोर्स तैनात कर दी है। अंधेरा होने के कारण विस्फोटक की जांच नहीं हो सकी है। लोगों को अपने मवेशी बाड़े के अंदर ही रखने की हिदायत दी गई है।
काशीरामपुर की ग्राम प्रधान सुनीता देवी और उनके पति शशिकांत ने बताया कि बृहस्पतिवार शाम पांच बजे से सात बजे के बीच कौड़िया नाले में एक-एक कर चार विस्फोट हुए। बम धमाकों जैसी आवाज आने से लोगों में हड़कंप मच गया। लोग घटनास्थल की ओर दौड़े। मौके पर चार सुअर मरे पड़े थे। बताया जा रहा है कि नाले में हथगोले जैसे देसी बम पड़े थे। सुअरों ने जैसे ही बम मुंह में दबाया, वह फट गया और उनके चीथड़े उड़ गए। सूचना मिलते ही एसएसआई राकेंद्र कठैत, सीओ जेआर जोशी समेत पुलिस फोर्स मौके पर पहुंच गई। शुक्रवार सुबह घटनास्थल का मुआयना कर जांच प्रारंभ की जाएगी। ग्रामीणों ने बताया कि धमाके की आवाज देसी हथगोले जैसी थी। जिसका इस्तेमाल जंगली सुअरों को भगाने या फिर मारने के लिए किया जाता है।