लैंसडौन में आयोजित पासिंग आउट परेड में बी कंपनी को चैंपियन ध्वज देते कर्नल विनीत वाजपेयी।
- फोटो : KOTDWAR
राष्ट्रीयता की भावना से ओतप्रोत रेजिमेट के बैंड की धुन पर पासिंग आउट परेड करते हुए 176 रिक्रूट सेना के अभिन्न अंग बन गए। रिक्रूटों ने देश की आन, बान और शान की रक्षा करने का संकल्प लिया। बतौर समीक्षा अधिकारी कर्नल विनीत वाजपेयी ने परेड की सलामी ली और रिक्रूटों को शपथ दिलाई।
शनिवार को गढ़वाल राइफल्स रेजिमेंटल सेंटर (जीआरआरसी) लैंसडौन के नायक भवानी दत्त जोशी अशोक चक्र परेड ग्राउंड में 95वें कोर्स के 176 रिक्रूट देश की रक्षा की शपथ लेते हुए गढ़वाल राइफल्स में शामिल हुए। कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए परेड देखने के लिए रिक्रूटों के परिजनों को कार्यक्रम में आमंत्रित नहीं किया गया। पासिंग आउट परेड के समीक्षा अधिकारी कर्नल विनीत वाजपेयी ने रिक्रूट परेड का निरीक्षण किया और परेड की सलामी ली। उन्होंने युवा सैनिकों को राष्ट्र की सेवा और सुरक्षा में कर्तव्यों का निर्वहन करने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने कहा कि गढ़वाल रेजिमेंट का गौरवशाली इतिहास साहसिक कारनामों से भरा है। रेजिमेंट की वीर गाथाएं वीरों के इतिहास में अंकित हैं। उन्होंने नवनियुक्त सैनिकों से रेजिमेंट की शौर्य गाथाओं के अनुरूप अपने सैन्य दायित्वों, कर्तव्यों के निर्वह्न का आह्वान किया। इस अवसर पर रिक्रटों ने अपने दाहिने कंधे पर शौर्य व वीरता की प्रतीक लाल रस्सी स्कारलेट धारण की। रायल रस्सी धारण करने पर रिक्रूटों का दर्जा राइफलमैन का हो गया। राइफलमैनों ने राष्ट्रीय ध्वज टोली के समक्ष देश की आन, बान और शान की रक्षा पूरी जिम्मेदारी के साथ करने का संकल्प लेते हुए रेजिमेंटल बैंड की धुन पर बेहतरीन पासिंग आउट परेड का प्रदर्शन किया।
ओवरआल बेहतर प्रदर्शन के लिए राइफलमैन नवीन को स्वर्ण पदक
लैंसडौन। 34 सप्ताह के कठिन प्रशिक्षण के दौरान विभिन्न क्रियाकलापों में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले राइफल्समैनों को समीक्षा अधिकारी ने मेडल प्रदान किए। ओवरआल बेहतर प्रदर्शन के लिए राइफलमैन नवीन सिंह को स्वर्ण पदक, प्रकाश सिंह बिष्ट को रजत और नीरज पंत को कांस्य पदक प्रदान किया गया। इसके अलावा ड्रिल में सर्वश्रेष्ठ रहे प्रीतम सिंह बिष्ट, फिजिकल में मोहित सिंह, बेस्ट फायरिंग के लिए संचित नेगी को मेडल दिए गए। हवलदार महेंद्र सिंह को उत्तम प्रशिक्षक, सूबेदार मुकेश चंद्र को उत्तम प्लाटून कमांडर का पुरस्कार दिया गया। सभी प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन करने पर कोर्स के चैंपियनशिप बैनर का खिताब ख कंपनी को दिया गया। सीनियर जेसीओ सूबेदार हीरा बल्लभ ने खिताब ग्रहण किया।