कोटद्वार। कोटद्वार नगर निगम के मेयर का पद महिला के लिए आरक्षित किए जाने से बसपाई खफा हैं। पार्टी ने भाजपा पर लोकतंत्र की हत्या का आरोप लगाते हुए इसके खिलाफ नैनीताल हाईकोर्ट में रिट दायर करने की बात कही। कहा कि भाजपा आरक्षण के मामले में अनुचित दबाव बनाकर नियमों और रोस्टर के विरुद्ध काम कर रही है।
यहां गोविंदनगर में बसपा कार्यकर्ताओं की बैठक की अध्यक्षता रमेश जाटव ने की। पार्टी के वरिष्ठ नेता अरविंद वर्मा ने कहा कि नगर पालिका कोटद्वार के चेयरमैन का पद वर्ष 2008 में महिला सामान्य और वर्ष 2013 में अनुसूचित जाति की महिला के लिए आरक्षित था। इस बार इस सीट को अनारक्षित होना था, लेकिन अपने चहेतों को लाभ पहुंचाने के लिए लगातार तीसरी बार सीट को महिला के लिए आरक्षित कर दिया गया है। इसके खिलाफ जल्द ही नैनीताल हाईकोर्ट में रिट दायर की जाएगी। बैठक में उषा देवी, मीनाक्षी देवी, बबीता, दीक्षा रानी, मनोरमा देवी, मुनेष देवी, लीना देवी, कमली देवी, दीपक राजपूत, अनिल नेगी, मुख्तार, अनीता राजपूत, राजेश कर्णवाल व वीरेंद्र चौहान आदि मौजूद थे।