कोटद्वार। एचएनबी गढ़वाल विश्वविद्यालय से कोटद्वार महाविद्यालय में डिग्रियां नहीं पहुंचने से छात्र-छात्राएं भड़के हुए हैं। सोमवार को छात्र-छात्राओं ने प्राचार्य के माध्यम से एचएनबी यूनिवर्सिटी के कुलपति को ज्ञापन भेजा है। छात्र-छात्राओं ने महाविद्यालय में अविलंब डिग्रियां भेजने की मांग की है।
सोमवार को राजकीय महाविद्यालय कोटद्वार के छात्र-छात्राओं ने प्राचार्य को ज्ञापन सौंपते हुए कहा कि छात्र-छात्राओं की डिग्री कुछ वर्षों से यूनिवर्सिटी से सीधे महाविद्यालय में उपलब्ध होने लगी थी, लेकिन बहुत सी डिग्रियां अभी तक महाविद्यालय में नहीं पहुंच पाई हैं। छात्रसंघ के पूर्व कोषाध्यक्ष सौरव पांडे ने बताया कि वर्ष 2004 से बीएससी, बीकॉम, एमकॉम, एमएससी, एमए की डिग्रियां कालेज को नहीं मिली हैं। वर्ष 2006 से 2010 तक की कोई भी डिग्री महाविद्यालय में प्राप्त नहीं हुई है। इसके अलावा, वर्ष 2012, 2013, 2014 की डिग्रियां भी महाविद्यालय में नहीं पहुंची हैं। इस कारण छात्र-छात्राओं को कई परेशानियों को सामना करना पड़ रहा है। छात्र-छात्राओं ने डिग्रियों को कोटद्वार विद्यालय में जल्द से जल्द पहुंचाने की मांग की है। ज्ञापन में छात्र प्रतिनिधि शिवानी, मोनिका, मुक्की, मंचल, हिमांशु, अंशुल मौजूद रहे।