कोटद्वार। हंस कल्चरल सेंटर और हंस फाउंडेशन की ओर से प्रवासी उत्तराखंड के निवासियों के लिए खाड़ी देशों में उत्तराखंड कौथिग का आयोजन किया गया। इस मौके पर प्रवासी उत्तराखंडियों ने बढ़-चढ़ कर प्रतिभाग कर अपनी संस्कृति को साझा किया।
कार्यक्रम के समापन के बाद कोटद्वार लौटे हंस फाउंडेशन के प्रदेश प्रभारी पदमेंद्र सिंह बिष्ट ने बताया कि दुबई, ओमान, कतर, बहरीन और कुवैत में उत्तराखंड कौथिग मेलों का आयोजन किया गया। कौथिग मेलों में विदेशों में निवास कर रहे उत्तराखंडी निवासियों ने बढ़-चढ़ कर प्रतिभाग किया। इन मेलों में गढ़वाली, कुमाऊंनी और जौनसारी लोकगीत छाए रहे। विदेशी धरती पर आयोजित इस मेले के लिए प्रवासी उत्तराखंडियों ने हंस कल्चरल सेंटर की प्ररेणास्रोत माता मंगला और भोले महाराज की सराहना की। ओमान में भारतीय राजदूत इंद्रमणि पांडे, कतर में भारतीय दूतावास के काउसंलर राजेश कामले और कुवैत में भारतीय दूतावास के काउसंलर संजीव सकलानी ने हंस कल्चरल सेंटर और हंस फाउंडेशन के जनहित के कार्यों की सराहना की। उन्होंने दुबई में निवास करने वाले भारतीय और कोटद्वार निवासी चांद मोहम्मद की प्रशंसा करते हुए कहा कि उनके अथक प्रयासों से वर्तमान में डेढ़ हजार युवा विभिन्न विभागों में नौकरी कर रहे है। हंस कल्चरल सेंटर के सचिव चंदन सिंह भंडारी ने उत्तराखंड के प्रवासियों को हर संभव मदद करने का भरोसा दिलाया। कौथिग में लोक गायक किशन महिपाल, लोक गायिका संगीता ढौंडियाल, खुशी जोशी, हास्य कलाकार घनानंद, संगीतकार विनोद चौहान, सुभाष पांडे, विजय बिष्ट, अनुराग नेगी सहित कौथिग पार्टी के टीम संयोजक दीपक, दर्शनी भंडारी और विजया बिष्ट मौजूद थे।
-फोटो