कोटद्वार। दुगड्डा-कोटद्वार राष्ट्रीय राजमार्ग के बंद होने से कोटद्वार पहुंचने के लिए पुलिंडा के जंगल में फंसे 38 लोगों को पुलिस और एसडीआरफ की टीम ने रेस्क्यू चलाकर जंगल से सुरक्षित बाहर निकाला। एसएसआई राकेंद्र कठैत ने बताया कि भारी वर्षा के कारण दुगड्डा-कोटद्वार राष्ट्रीय राजमार्ग बंद किया गया है। इस कारण कुछ लोग पुलिंडा मार्ग के रास्ते कोटद्वार आ रहे थे। पुलिंडा मार्ग भी बंद होने के कारण लोग जंगल के रास्ते कोटद्वार पहुंचने का प्रयास कर रहे थे। तभी वे लैंसडौन वन प्रभाग के घने जंगल में रास्ता भटक गए। शनिवार रात को 11 बजे जंगल से लोगों ने पुलिस को उनके फंसने की सूचना दी। इस पर एएसपी डा. हरीश वर्मा के निर्देशन पर पुलिस की एक टीम गठित की गई। उन्होंने बताया कि पुलिस टीम जंगल में नौ किमी पैदल चलकर मोबाइल पर लोकेशन ट्रेस कर जंगल में फंसे लोगों तक पहुंची। सुबह चार बजे तक पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने रेस्क्यू चलाकर यात्रियों को सुरक्षित जंगल से बाहर निकाला।
पुलिस टीम में एसएसआई राकेंद्र कठैत, एसआई सतेंद्र भाटी, एसआई विनोद कुमार, एसआई ओमवीर सिंह, रमेश कुमार, कृष्णा नंद रतूड़ी, ईश कुमार और एसडीआरएफ के जवान शामिल रहे।