धुमाकोट। राजकीय प्राथमिक शिक्षक संघ नैनीडांडा शाखा की बैठक में ब्रिज कोर्स और डीएलएड की बाध्यता के खिलाफ रणनीति बनाई गई। इसके विरोध में देहरादून में आयोजित रैली में प्रतिभाग करने का प्रस्ताव पारित किया गया।
रविवार को राजकीय प्राथमिक शिक्षक संघ की ब्लॉक शाखा के अध्यक्ष कमलेश कंडारी की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में ब्रिजकोर्स और डीएलएड की बाध्यता के खिलाफ आक्रोश प्रकट किया गया। निर्णय लिया गया कि 21 मई को क्षेत्र के समस्त प्राथमिक शिक्षक सामूहिक अवकाश लेकर परेड ग्राउंड देहरादून में होने वाली रैली में भागीदारी करेंगे। संघ के अध्यक्ष कमलेश कंडारी ने कहा कि 2001 के बाद नियुक्त सभी शिक्षकों ने सभी आवश्यक प्रशिक्षण प्राप्त किए हैं। इसके बावजूद ब्रिजकोर्स और डीएलएड की बाध्यता शिक्षकों के साथ ज्यादती है।
बैठक में संघ के उपाध्यक्ष संजय रावत, चमन गिरि, सुनीता ध्यानी, अजय रावत, सोहन नेगी, विवेकानंद जोशी, विवेक मधवाल, रेखा उनियाल, सुषमा कंडवाल, नीमा शर्मा, शिवलाल वंशवाल, गुरदीप व अरविंद कुमार आदि मौजूद रहे। बैठक का संचालन संजय रावत ने किया।