कोटद्वार। रुद्रप्रयाग जिले के अगस्त्यमुनि में हुई तोड़फोड़ की घटनाओं को देखते हुए कोटद्वार पुलिस सतर्क हो गई है। अपर पुलिस अधीक्षक डा. हरीश वर्मा ने मंगलवार को कोतवाली में विभिन्न धर्मों के पदाधिकारियों की बैठक ली।
एएसपी डा. हरीश वर्मा ने कहा कि सभी लोगों को सोशल मीडिया के मामले में सतर्क रहना चाहिए। साथ ही सोशल मीडिया पर चल रही गलत अफवाहों से बचना चाहिए। कोतवाल उत्तम सिंह जिमिवाल ने कहा कि यदि कोई ऐसी घटना आपके आसपास घटित होती है, जिससे अराजकता का माहौल बने तो उसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें। सीओ जोधराम जोशी ने शहर में सभी समुदायों के लोगों से आपस में भाईचारे और प्रेमभाव के साथ रहने की अपील की। बैठक में गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के ग्रंथी ज्ञानी कमलजीत सिंह, इंतजार अहमद, पं. हर्षमणि थपलियाल, फादर शाजू, मो. असलम, प. सतीश चंद्र चमोली, बीएस खंतवाल, मो. रासीब, हमीर अहमद आदि मौजूद रहे।